रविवार, 13 सितम्बर 2026 | 20:30 ISTFollow us at:
योजना

हरियाणा में 25 सितंबर से लाडो लक्ष्मी योजना के नए आवेदन शुरू; फटाफट तैयार कर लें ये डॉक्यूमेंट्स

हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के नए आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। जानें कौन पात्र होगा और आवेदन के लिए आधार, बैंक व अन्य कौन सी जानकारी तैयार रखनी है।

लाडो लक्ष्मी योजना नए आवेदन 2026
लाडो लक्ष्मी योजना नए आवेदन 2026

चंडीगढ़, 13 सितंबर। हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ने के बाद नई पात्र महिलाओं के आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। सरकार ने योजना के लिए परिवार की सालाना आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये करने का फैसला किया है। पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। हरियाणा सरकार के अनुसार योजना के दायरे में करीब 17 लाख नई महिलाएं आ सकती हैं।

नए आवेदन लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से लिए जाएंगे। आवेदन शुरू होने से पहले आधार, परिवार की जानकारी, निवास प्रमाणपत्र, बैंक खाता और आय से जुड़े रिकॉर्ड तैयार रखना फायदेमंद रहेगा। सरकार ने फर्जी लिंक और फॉर्म से बचते हुए केवल आधिकारिक ऐप से आवेदन करने को कहा है।

आवेदन से पहले ये जानकारी रखें तैयार

आवेदन के दौरान महिला को अपना और परिवार के सदस्यों का आधार विवरण, निवास प्रमाणपत्र, आय की जानकारी और बैंक खाते का विवरण देना होगा। जरूरत के अनुसार एचकेआरएन आईडी, बिजली कनेक्शन और वाहन से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।

फॉर्म पूरा भरने के बाद महिला को एक रजिस्ट्रेशन आईडी मिलती है। इसके बाद आवेदन CRID के पास सत्यापन के लिए जाता है।

फॉर्म सबमिट है, फिर भी किस्त नहीं आई तो पहले ये देखें

कई महिलाओं का फॉर्म ऐप में सबमिट दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद राशि नहीं आती। सरकारी नियमों के अनुसार केवल फॉर्म जमा होने के बाद किस्त शुरू नहीं होती।

CRID आवेदन की जानकारी का सत्यापन करता है। पात्र पाए जाने पर महिला को एसएमएस भेजा जाता है और इसके बाद सामाजिक न्याय विभाग की ओर से DDLLY ID बनाई जाती है। बैंक खाते की जानकारी PFMS से सत्यापित होने के बाद ही भुगतान आगे बढ़ता है। पात्रता ID जिस महीने बनती है, सहायता उसी महीने से जुड़ती है और भुगतान अगले महीने किया जाता है।

इसलिए ऐप में सिर्फ Submitted दिखना और योजना की किस्त मंजूर होना दो अलग बातें हैं।

महिलाओं को हरियाणा सरकार दे रही है 1.50 लाख रुपये, जाने कैसे उठाएं लाभ

हरियाणा की हर गर्भवती महिला की बनेगी SAMRIDDHI ID, जानें क्या मिलेगा फायदा

हरियाणा में मकान की मरम्मत के लिए 80 हजार की मदद, जानें कौन पात्र और आवेदन से पहले क्या जरूरी

लाडो लक्ष्मी योजना की लिस्ट में नाम कैसे देखें

पात्रता जांच पूरी होने के बाद CRID पात्र महिलाओं की सूची तैयार करता है और महिला को एसएमएस के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाती है। इसके बाद DDLLY ID सामाजिक न्याय विभाग के पेंशन पोर्टल पर बनाई जाती है।

लाभार्थी अपनी जानकारी हरियाणा सामाजिक न्याय विभाग के पेंशन पोर्टल पर भी देख सकते हैं। यहां लाभार्थी सूची और पेंशन विवरण से जुड़ी सुविधा उपलब्ध है।

आधिकारिक पेंशन पोर्टल:
https://pension.socialjusticehry.gov.in/

अगर नाम अभी लाभार्थी सूची में नहीं आया है तो पहले आवेदन का सत्यापन पूरा होने और पात्रता की स्थिति देखना जरूरी होगा।

बैंक की वजह से किस्त रुकी तो ऐप में बदल सकेंगे खाता

PFMS जांच के दौरान बैंक खाता गलत या अमान्य मिलने अथवा भुगतान फेल होने पर इसकी जानकारी संबंधित जिला समाज कल्याण अधिकारी को भेजी जाती है।

सरकारी नियमों में महिला को लाडो लक्ष्मी ऐप के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी अपडेट, सही या बदलने का विकल्प दिया गया है। सही बैंक विवरण CRID से दोबारा सत्यापित होने के बाद सहायता फिर शुरू की जा सकती है।

अगर लगातार दो महीने भुगतान फेल होता है तो राशि रोक दी जाती है। सही बैंक विवरण अपडेट होने के बाद भुगतान दोबारा शुरू किया जा सकता है।

आवेदन में गलती हो गई तो क्या करें

अगर आवेदन में जानकारी गलत चली गई है तो सीधे दूसरा फॉर्म भरने से पहले लाडो लक्ष्मी ऐप में शिकायत दर्ज करना बेहतर रहेगा। योजना के लिए ऐप में अलग शिकायत सेक्शन का प्रावधान किया गया है।

शिकायत पहले जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास जाएगी। डेटा से जुड़ी गलती होने पर मामला CRID और ऐप की तकनीकी समस्या होने पर HARTRON को भेजा जा सकता है। शिकायत का समाधान सात कार्य दिवस में करने का नियम है। समय पर समाधान नहीं होने पर मामला अपने आप अतिरिक्त उपायुक्त और बाद में उपायुक्त तक जाएगा।

क्या पुराना फॉर्म रद्द करके नया फॉर्म भर सकते हैं?

इस पर सरकारी नियम बहुत साफ हैं, लेकिन केवल एक स्थिति के लिए।

अगर CRID किसी आवेदन को अपात्र कर देता है तो उसी आवेदन को बाद में पात्र नहीं बनाया जा सकता। महिला को सही या अपडेट जानकारी के साथ नया आवेदन करना होगा, जिस पर दोबारा विचार किया जाएगा।

लेकिन फॉर्म अभी केवल सबमिट या जांच के अधीन है तो उसे अपनी तरफ से रद्द करके नया फॉर्म भरने की साफ अनुमति मौजूदा नियमों में नहीं दी गई है। ऐसी स्थिति में पहले ऐप के शिकायत विकल्प से समस्या दर्ज करना सुरक्षित रहेगा।

पहली किस्त मिलने के बाद हर महीने करना होगा फेस सत्यापन

एक और वजह से आगे की किस्त रुक सकती है। पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थी महिला को हर महीने लाडो लक्ष्मी ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए लिवनेस सत्यापन पूरा करना होगा।

CRID इसकी याद दिलाने के लिए एसएमएस भी भेजता है। नियमित सत्यापन नहीं होने पर आगे की किस्त प्रभावित हो सकती है।

10 सितंबर को सरकार ने योजना की 11वीं किस्त के रूप में 10.10 लाख महिलाओं के लिए 212.16 करोड़ रुपये जारी किए थे।

लेखक

Sandeep Kumar

संदीप कुमार LocalHaryana.com के संस्थापक और संपादक हैं। वे वर्ष 2020 से डिजिटल पत्रकारिता और ऑनलाइन समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन और संपादन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

और पढ़ें

सभी देखें