महिलाओं को हरियाणा सरकार दे रही है 1.50 लाख रुपये, जाने कैसे उठाएं लाभ
हरियाणा में पात्र महिलाएं स्वरोजगार के लिए 1.50 लाख रुपये तक ऋण ले सकती हैं। जानें 25 हजार रुपये तक अनुदान, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की जानकारी।

रेवाड़ी, 11 सितंबर। हरियाणा में अपना छोटा काम शुरू करने की तैयारी कर रही पात्र महिलाएं हरियाणा महिला विकास निगम की व्यक्तिगत ऋण योजना के तहत 1.50 लाख रुपये तक ऋण ले सकती हैं। यह राशि मुफ्त सहायता नहीं, बल्कि बैंक के माध्यम से मिलने वाला ऋण है। इसके साथ पात्र महिलाओं को सरकार की ओर से अलग से अनुदान भी दिया जाता है।
रेवाड़ी के डीसी अभिषेक मीणा के अनुसार वर्ष 2026-27 में जिले के लिए 74 केसों का लक्ष्य रखा गया है। योजना का लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की पात्र महिलाएं ले सकती हैं। इसके लिए महिला का हरियाणा की स्थायी निवासी होना जरूरी है।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
आवेदन करने वाली महिला की वार्षिक पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। उसकी उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच हो और वह पहले लिए गए किसी ऋण की डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए।
2026-27 की सरकारी जानकारी के अनुसार परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता भी नहीं होना चाहिए।
हरियाणा में रुकी पेंशन होगी शुरू, फटाफट कराएं ये काम
हरियाणा की दयालु-2 योजना में 5 लाख तक मदद, कुत्ते के काटने पर भी मिलेगा मुआवजा; जानें पूरे नियम
25 हजार रुपये तक मिल सकता है अनुदान
योजना में अन्य श्रेणी की पात्र महिला को अधिकतम 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति की महिला को अधिकतम 25 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाता है।
लाभार्थी को 10 प्रतिशत हिस्सा स्वयं वहन करना होता है। बाकी ऋण राशि की व्यवस्था राष्ट्रीयकृत या सहकारी बैंक के माध्यम से कराई जाती है।
इन कामों के लिए ले सकती हैं ऋण
महिलाएं परचून या कपड़े की दुकान, सिलाई सेंटर, सैलून, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटीक, हलवाई की दुकान, फूड स्टॉल, टिफिन सर्विस और मिट्टी के बर्तन बनाने जैसे स्वरोजगार के लिए योजना का लाभ ले सकती हैं।
उद्योग विभाग की नकारात्मक सूची और केवीआईबी के तहत आने वाली गतिविधियों को छोड़कर अन्य पात्र गतिविधियों को भी योजना में शामिल किया गया है।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज चाहिए
महिला को आवेदन पत्र के साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो सहित जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे। दस्तावेजों की दो-दो कॉपी देनी होंगी।
रेवाड़ी की महिलाएं अधिक जानकारी के लिए लोटस गार्डन के सामने, नासियाजी रोड, शांति नगर स्थित हरियाणा महिला विकास निगम कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। जानकारी के लिए 01274-225294 फोन नंबर भी दिया गया है।








