दड़बा कलां के पास टूटी शेरांवाली नहर दुरुस्त, 10 घंटे चला काम; पानी की सप्लाई बहाल
सिरसा के दड़बा कलां के पास शेरांवाली नहर में आए 40 फीट कटाव की मरम्मत पूरी हो गई। रातभर काम के बाद नहर में दोबारा पानी छोड़ दिया गया।

नाथूसरी चौपटा, 11 सितंबर। गांव दड़बा कलां के पास शेरांवाली नहर में आए कटाव को सिंचाई विभाग ने मजदूरों की मदद से दुरुस्त कर दिया है। मरम्मत का काम रातभर चला और करीब 10 घंटे में नहर को दोबारा पानी छोड़ने लायक बना दिया गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नहर में पानी की सप्लाई फिर शुरू कर दी गई।
वीरवार दोपहर करीब तीन बजे दड़बा कलां के पास 31 हजार बुर्जी के नजदीक नहर का किनारा अचानक धंस गया था। खेतों में काम कर रहे किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी। पानी तेजी से खेतों की ओर बढ़ता देख विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे नुकसान रोकने के लिए तुरंत पानी बंद कराने की कार्रवाई शुरू की।
40 फीट तक हुआ कटाव, नहराना हेड से रोका पानी
सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के अनुसार नहर के किनारे में करीब 40 फीट तक कटाव हो गया था। टीम ने सबसे पहले नहराना हेड से पानी बंद करवाया, जिससे प्रभावित हिस्से में पानी का दबाव कम किया जा सके।
कर्मचारियों ने बताया कि घटना से कुछ मिनट पहले ही विभाग की टीम इस हिस्से से होकर गुजरी थी। इसके बाद अचानक किनारा धंस गया और नहर का पानी खेतों की तरफ जाने लगा।
शाम 6 बजे शुरू हुआ मरम्मत कार्य
पानी का बहाव कम होने के बाद शाम करीब छह बजे नहर की मरम्मत शुरू की गई। सिंचाई विभाग के कर्मचारी और मजदूर रात के समय भी मौके पर काम करते रहे। कटाव वाले हिस्से को भरने और किनारों को मजबूत करने के बाद सुबह तक मरम्मत का मुख्य काम पूरा कर लिया गया।
इसके बाद नहर की स्थिति जांची गई और शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दोबारा पानी छोड़ दिया गया।








