हरियाणा के 10 स्टेशनों को आज से लुधियाना की सीधी ट्रेन, देखें टाइम टेबल और रूट
लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन आज से जींद तक चलेगी। जाखल से जींद के बीच 10 स्टेशनों पर ठहराव मिलेगा। देखें पूरा रूट और नया टाइम टेबल।

जींद, 11 सितंबर। हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए आज 11 सितंबर से लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन का विस्तार जींद तक शुरू हो रहा है। ट्रेन संख्या 54054 अब लुधियाना से जाखल पर खत्म होने के बजाय आगे जींद तक जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 54053 का संचालन 12 सितंबर से जींद से लुधियाना के लिए होगा। इससे टोहाना, नरवाना, उचाना सहित जाखल-जींद रेलखंड के यात्रियों को लुधियाना के लिए सीधी पैसेंजर ट्रेन मिलेगी।
रेलवे के अनुसार इस विस्तार के बाद ट्रेन का कुल रूट 128 किलोमीटर से बढ़कर 200 किलोमीटर हो गया है। जाखल से जींद के बीच सभी तय स्टेशनों पर कमर्शियल ठहराव रहेगा। अब जींद की ओर जाने वाले यात्रियों को जाखल में दूसरी ट्रेन बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
जाखल से जींद के बीच इन 10 स्टेशनों पर नया ठहराव
लुधियाना से जींद जाने वाली ट्रेन 54054 और वापसी की 54053 के लिए जाखल-जींद के बीच टाइम इस प्रकार रहेगा:
- हिम्मतपुरा: जींद की ओर रात 9:49 बजे, लुधियाना की ओर सुबह 4:55 बजे
- टोहाना: रात 9:56 बजे, सुबह 4:47 बजे
- कालवन: रात 10:03 बजे, सुबह 4:40 बजे
- धमतान साहिब: रात 10:09 बजे, सुबह 4:34 बजे
- धारोदी: रात 10:18 बजे, सुबह 4:25 बजे
- नरवाना जंक्शन: रात 10:25 बजे, सुबह 4:16 बजे
- घासो: रात 10:32 बजे, सुबह 4:08 बजे
- उचाना: रात 10:40 बजे, सुबह 4:02 बजे
- गांव बड़ौदा: रात 10:44 बजे, सुबह 3:54 बजे
- बरसोला: रात 10:52 बजे, सुबह 3:50 बजे
इसके बाद ट्रेन रात 11:30 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी।
लुधियाना से शाम 6:30 बजे चलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 54054 लुधियाना से शाम 6:30 बजे रवाना होगी और रात 9:40 बजे जाखल पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद यह रात 9:45 बजे जींद के लिए आगे रवाना होगी। लुधियाना से जाखल के बीच पहले से चल रहे समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वापसी में ट्रेन संख्या 54053 12 सितंबर से सुबह 3:40 बजे जींद जंक्शन से चलेगी। यह सुबह 5:10 बजे जाखल पहुंचेगी और 5:20 बजे वहां से लुधियाना के लिए रवाना होगी। लुधियाना पहुंचने का समय सुबह करीब 8:30 बजे रखा गया है।
फतेहाबाद से रामदेवरा सीधी बस, सुबह 7 बजे होगी रवाना; जाने किराया, रूट और वापसी का समय
128 से बढ़कर 200 किलोमीटर हुआ रूट
इस ट्रेन का पहले लुधियाना से जाखल तक कुल सफर करीब 128 किलोमीटर था। जींद तक विस्तार के बाद इसकी दूरी बढ़कर करीब 200 किलोमीटर हो गई है। रेलवे ने जाखल से जींद के बीच सभी स्टेशनों पर कमर्शियल ठहराव देने की मंजूरी दी है।
रेलवे के अनुसार इस सेवा से दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को फायदा होगा। खासकर जींद, उचाना, नरवाना और टोहाना क्षेत्र के यात्रियों के लिए लुधियाना की सीधी रेल सुविधा आसान होगी।








