सिरसा के जमाल के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर छात्र का हमला, पेचकस से गर्दन पर किए कई वार
सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा खंड के गांव जमाल स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार सुबह 11 बजे 10वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने हिंदी अध्यापक सुनील कुमार पर पेचकस से हमला कर दिया। छात्र ने अध्यापक की गर्दन पर…
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव जमाल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दसवीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने स्कूल परिसर में ही हिंदी अध्यापक पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक की गर्दन पर तीन से चार वार किए गए, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने घायल शिक्षक को तुरंत चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद छात्र मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जमाल पुलिस चौकी की टीम स्कूल पहुंची और शिक्षक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढेंः सिरसा में पीएम-अजय योजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर समेत 12 व्यवसायों में मिलेगी नौकरी
कक्षा में कॉपियां जांच रहे थे शिक्षक, तभी हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे हिंदी अध्यापक सुनील कुमार कक्षा में विद्यार्थियों की कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान दसवीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपने बैग से पेचकस निकाला और अचानक शिक्षक की ओर बढ़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, छात्र ने शिक्षक की गर्दन पर लगातार तीन से चार वार कर दिए। अचानक हुई इस घटना से कक्षा और पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमला करने के तुरंत बाद छात्र वहां से भाग निकला।
शिक्षकों ने पहुंचाया अस्पताल, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अन्य शिक्षकों ने घायल सुनील कुमार को संभाला और तुरंत चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर जमाल पुलिस चौकी प्रभारी रामकुमार भी पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। घायल शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि छात्र ने उन पर किस वजह से हमला किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्र की तलाश की जा रही है।








