IGNOU दिसंबर 2026 परीक्षा के फॉर्म शुरू, जाने क्या है लास्ट डेट और लेट फीस
IGNOU दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के फॉर्म शुरू हो गए हैं। 30 सितंबर तक बिना लेट फीस फॉर्म भर सकते हैं। जानें फीस, पात्रता और परीक्षा की तारीख।

करनाल, 12 सितंबर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ओडीएल और ऑनलाइन कार्यक्रमों में पढ़ रहे पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर तक बिना लेट फीस के फॉर्म जमा कर सकते हैं। थ्योरी के प्रत्येक कोर्स के लिए 200 रुपये फीस देनी होगी।
30 सितंबर तक फॉर्म नहीं भरने वाले विद्यार्थियों को 1 से 15 अक्टूबर तक मौका मिलेगा। इस दौरान 200 रुपये प्रति थ्योरी कोर्स की फीस के साथ 1,100 रुपये लेट फीस अलग से देनी होगी। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने विद्यार्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर फॉर्म भरने की सलाह दी है।
30 सितंबर तक नहीं लगेगी लेट फीस
दिसंबर टर्म-एंड परीक्षा के लिए 10 सितंबर से ऑनलाइन फॉर्म भरे जा रहे हैं। 30 सितंबर तक प्रत्येक थ्योरी कोर्स के लिए 200 रुपये फीस तय की गई है।
इसके बाद 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक फॉर्म भरा जा सकेगा, लेकिन इस दौरान 1,100 रुपये लेट फीस भी देनी होगी।
चार थ्योरी पेपर वाले विद्यार्थी को 30 सितंबर तक 800 रुपये फीस देनी होगी। यही फॉर्म एक अक्टूबर के बाद भरने पर 800 रुपये परीक्षा फीस के साथ 1,100 रुपये लेट फीस भी जुड़ जाएगी।
हरियाणा के इस कॉलेज की मान्यता रद्द, कहीं आपको तो नहीं इस कॉलेज में एडमिशन
IGNOU में 15 सितंबर तक एडमिशन, BA-MA समेत कई कोर्स में मौका; जानें फीस, डॉक्यूमेंट और आवेदन तरीका
समर्थ पोर्टल से भरना होगा परीक्षा फॉर्म
विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म इग्नू के समर्थ पोर्टल पर अपने लॉगिन से भरना होगा। फॉर्म भरते समय परीक्षा केंद्र और जिन कोर्स की परीक्षा देनी है, उनका चयन भी करना होगा।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को कोर्स और परीक्षा केंद्र का चयन सावधानी से करने को कहा है। सीट उपलब्ध नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में बदलाव भी हो सकता है।
इग्नू समर्थ स्टूडेंट पोर्टल: IGNOU Samarth Portal
रजिस्ट्रेशन और असाइनमेंट की शर्त भी पूरी हो
परीक्षा फॉर्म भरने के लिए संबंधित कोर्स का रजिस्ट्रेशन वैध होना चाहिए। विद्यार्थी ने उस कोर्स की निर्धारित न्यूनतम पढ़ाई अवधि भी पूरी की हो।
जिन कोर्स में असाइनमेंट जरूरी हैं, उनमें निर्धारित समय तक असाइनमेंट जमा होना भी जरूरी है। इग्नू ने दिसंबर परीक्षा की डेटशीट में इन शर्तों को स्पष्ट किया है।
फॉर्म भरते समय यदि कोई पात्र कोर्स दिखाई नहीं देता है तो विद्यार्थी अपने रजिस्ट्रेशन और कोर्स की स्थिति भी जांच सकते हैं।
प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट की फीस अलग
थ्योरी परीक्षा के लिए प्रति कोर्स 200 रुपये फीस है। वहीं जनवरी 2023 प्रवेश सत्र और उसके बाद के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट की फीस क्रेडिट के आधार पर तय है।
चार क्रेडिट तक के प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट के लिए 300 रुपये प्रति कोर्स और चार क्रेडिट से अधिक होने पर 500 रुपये प्रति कोर्स शुल्क लिया जाता है।
प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीख और केंद्र की जानकारी संबंधित क्षेत्रीय केंद्र से जारी की जाती है।
25 नवंबर से शुरू हो सकती हैं परीक्षाएं
इग्नू ने दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा की संभावित डेटशीट भी जारी कर दी है। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी और 13 जनवरी 2027 तक चलेंगी। पहली परीक्षा 25 नवंबर को रखी गई है, जबकि डेटशीट में अंतिम पेपर 13 जनवरी को है।
परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। सुबह की पाली 10 बजे से दोपहर 1 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी।
यह अभी संभावित डेटशीट है। परीक्षा से पहले विद्यार्थी अपने कोर्स की अंतिम डेटशीट और एडमिट कार्ड में दी गई तारीख व केंद्र जरूर मिलाएं।








