हरियाणा रोडवेज यूनियन चुनाव 1 अक्टूबर से, पांच चरणों में वोटिंग; डिपोवार शेड्यूल जारी
रोडवेज यूनियन चुनाव के लिए 20-21 सितंबर को नामांकन होंगे। जानें सिरसा, हिसार, रोहतक, गुरुग्राम समेत सभी डिपो में मतदान की तारीख और समय।

- हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन का 18वां चुनाव पांच चरणों में होगा
- मतदान 1 से 16 अक्टूबर के बीच अलग-अलग डिपो और सब डिपो में होगा
- नामांकन 20 और 21 सितंबर, मतदान सुबह 4 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा
लोकल हरियाणा, सिरसा। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने अपने 18वें चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। डिपो और सब डिपो के चुनाव पांच चरणों में होंगे। पहला मतदान 1 अक्टूबर को होगा, जबकि अंतिम चरण 16 अक्टूबर को पूरा होगा। मतदान सुबह 4 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।
यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता एवं सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि चुनाव के लिए मुख्य कार्यालय रोहतक बस स्टैंड स्थित यूनियन मुख्यालय में बनाया गया है। डिपो स्तर पर प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और ऑडिटर चुने जाएंगे। सब डिपो में प्रधान, सचिव और कोषाध्यक्ष के पद पर चुनाव होगा।
किस डिपो में कब होगा मतदान
| तारीख | डिपो और स्थान |
|---|---|
| 1 अक्टूबर | कैथल, नारनौल, सिरसा, फतेहाबाद, चंडीगढ़, नूंह |
| 7 अक्टूबर | रोहतक, चरखी दादरी, हिसार, दिल्ली व आईएसबीटी, फरीदाबाद, पलवल |
| 9 अक्टूबर | अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत, झज्जर |
| 14 अक्टूबर | भिवानी, करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, रेवाड़ी, गुरुग्राम और एचआरईसी |
| 16 अक्टूबर | डबवाली, टोहाना, हांसी, तोशाम, लोहारू, महेंद्रगढ़, नरवाना, सफीदों, नारायणगढ़, पिहोवा, गोहाना, बहादुरगढ़, कालका और मंत्री कार सेक्शन चंडीगढ़ |
16 अक्टूबर को सभी सब डिपो में चुनाव करवाए जाएंगे। मतदान का समय सभी चरणों में सुबह 4 बजे से शाम 7 बजे तक रखा गया है।
20 और 21 सितंबर को भरे जाएंगे नामांकन
चुनाव प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होगी। इस दिन रोहतक स्थित यूनियन मुख्यालय में सदस्यता फीस और सदस्यता सूची जमा की जाएगी। साथ ही डिपो और सब डिपो के लिए नामांकन फार्म दिए जाएंगे।
नामांकन फार्म 20 और 21 सितंबर को भरे जाएंगे। 22 सितंबर को फार्म की जांच और नाम वापसी होगी। इसके बाद 23 सितंबर को रोहतक स्थित यूनियन मुख्यालय में उम्मीदवारों को चुनाव निशान दिए जाएंगे और इसी दिन नाम या फार्म वापस लेने का अंतिम मौका रहेगा।
नामांकन शुल्क 100 रुपये और सुरक्षा शुल्क 500 रुपये रखा गया है। चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान और महासचिव को मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में दी गई है।








