हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के नए आवेदन शुरू, जाने क्या है जरूरी डॉक्यूमेंट और मोबाइल ऐप से कैसे करें नया रजिस्ट्रेशन
1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाली पात्र महिलाएं अब लाडो लक्ष्मी ऐप से रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। जानें फॉर्म भरने, स्टेटस, लिस्ट और बैंक सत्यापन की प्रक्रिया।

- 1.80 लाख रुपये तक सालाना पारिवारिक आय वाली महिलाओं का रजिस्ट्रेशन 17 सितंबर से शुरू
- आवेदन केवल आधिकारिक लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप से किया जाएगा
- फॉर्म जमा होने के बाद सत्यापन और बैंक जांच पूरी होने पर ही लाभ आगे बढ़ेगा
चंडीगढ़, 17 सितंबर। हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण के तहत नई महिलाओं का रजिस्ट्रेशन आज 17 सितंबर से शुरू हो गया है। अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना पारिवारिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाएं भी योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन दीन दयाल लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। पात्र महिलाओं को योजना के तहत हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार के अनुसार आय सीमा बढ़ने से प्रदेश में करीब 17 लाख नई महिलाएं योजना के दायरे में आ सकती हैं।
सरकार ने पहले 25 सितंबर से नए आवेदन शुरू होने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में तारीख बदलकर 17 सितंबर कर दी गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 सितंबर से योजना का दूसरा चरण शुरू करने की घोषणा की है। आवेदन केवल आधिकारिक मोबाइल ऐप से किया जा सकता है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने फर्जी लिंक और फॉर्म से बचने की भी सलाह दी है।
मोबाइल ऐप से ऐसे करें नया रजिस्ट्रेशन
सबसे पहले दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का आधिकारिक मोबाइल ऐप खोलें और मोबाइल नंबर के जरिए सत्यापन पूरा करें। इसके बाद महिला की व्यक्तिगत जानकारी, परिवार की जानकारी और सालाना आय का विवरण भरना होगा।
आगे बैंक खाते की जानकारी देने के बाद मांगी गई दूसरी जानकारी पूरी करनी होगी। आवेदन के दौरान आधार, फैमिली आईडी, बिजली कनेक्शन, एचकेआरएन आईडी और वाहन से संबंधित जानकारी भी जरूरत के अनुसार मांगी जा सकती है। फॉर्म पूरा होने के बाद आवेदन सबमिट करने पर रजिस्ट्रेशन आईडी मिलती है।
एक परिवार में एक से ज्यादा महिलाएं पात्र हैं तो सभी योजना का लाभ ले सकती हैं। सरकार के मूल नियमों में पात्र महिलाओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं रखी गई है।
आवेदन से पहले ये जानकारी रखें तैयार
आवेदन के दौरान महिला को अपना और परिवार के सदस्यों का आधार विवरण, फैमिली आईडी, आय से संबंधित जानकारी और बैंक खाते का विवरण तैयार रखना चाहिए। जरूरत के अनुसार एचकेआरएन आईडी, बिजली कनेक्शन और वाहन से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।
फॉर्म पूरा भरने के बाद महिला को एक रजिस्ट्रेशन आईडी मिलती है। इसके बाद आवेदन सीआरआईडी के पास सत्यापन के लिए जाता है।
फॉर्म सबमिट है, फिर भी किस्त नहीं आई तो पहले ये देखें
कई महिलाओं का फॉर्म ऐप में सबमिट दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद राशि नहीं आती। केवल फॉर्म जमा हो जाने का मतलब यह नहीं है कि किस्त मंजूर हो गई है।
सीआरआईडी आवेदन में दी गई जानकारी का सत्यापन करता है। पात्र पाए जाने के बाद महिला को एसएमएस भेजा जाता है और सामाजिक न्याय विभाग की ओर से डीडीएलएलवाई आईडी बनाई जाती है। बैंक खाते की जानकारी पीएफएमएस से सत्यापित होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
इसलिए ऐप में सिर्फ फॉर्म सबमिट दिखाई देना और योजना के लिए अंतिम रूप से पात्र होना दो अलग-अलग चरण हैं।
लाडो लक्ष्मी योजना की लिस्ट में नाम कैसे देखें
पात्रता जांच पूरी होने के बाद सीआरआईडी पात्र महिलाओं की सूची तैयार करता है और महिला को एसएमएस के जरिए जानकारी मिलती है। इसके बाद सामाजिक न्याय विभाग के पेंशन पोर्टल पर डीडीएलएलवाई आईडी बनाई जाती है।
लाभार्थी अपनी जानकारी हरियाणा सामाजिक न्याय विभाग के पेंशन पोर्टल पर भी देख सकते हैं। यहां लाभार्थी और भुगतान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होती है।
अगर नाम अभी लाभार्थी सूची में नहीं आया है तो पहले आवेदन की जांच और पात्रता की स्थिति देखनी चाहिए।
बैंक की वजह से किस्त रुकी तो ऐप में बदल सकेंगे खाता
पीएफएमएस जांच में बैंक खाता गलत या अमान्य मिलने अथवा भुगतान फेल होने पर इसकी जानकारी संबंधित जिला समाज कल्याण अधिकारी तक पहुंचाई जाती है।
महिला लाडो लक्ष्मी ऐप से बैंक खाते की जानकारी सही या अपडेट कर सकती है। नया विवरण सत्यापित होने के बाद भुगतान दोबारा शुरू किया जा सकता है।
लगातार दो महीने भुगतान फेल होने पर राशि रोकी जा सकती है। बैंक की सही जानकारी अपडेट होने के बाद भुगतान फिर शुरू हो सकता है।
आवेदन में गलती हो गई तो क्या करें
अगर आवेदन में कोई जानकारी गलत चली गई है तो तुरंत दूसरा फॉर्म भरने के बजाय लाडो लक्ष्मी ऐप में शिकायत दर्ज करनी चाहिए। योजना में शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था दी गई है।
शिकायत पहले जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास जाती है। डेटा से संबंधित मामला सीआरआईडी और ऐप की तकनीकी समस्या हारट्रोन के पास भेजी जा सकती है।
क्या पुराना फॉर्म रद्द करके नया फॉर्म भर सकते हैं?
अगर सीआरआईडी किसी आवेदन को अपात्र घोषित कर देता है तो सही या अपडेट जानकारी के आधार पर नया आवेदन किया जा सकता है।
लेकिन आवेदन अभी सबमिट है या उसकी जांच चल रही है तो अपनी तरफ से उसे रद्द कर नया फॉर्म भरने के बजाय पहले ऐप में शिकायत दर्ज करना बेहतर है।
पहली किस्त मिलने के बाद हर महीने करना होगा फेस सत्यापन
पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थी महिला को लाडो लक्ष्मी ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए नियमित लिवनेस सत्यापन पूरा करना होता है।
सीआरआईडी इसकी याद दिलाने के लिए एसएमएस भी भेजता है। सत्यापन पूरा नहीं होने पर आगे की सहायता प्रभावित हो सकती है।
10 सितंबर को सरकार ने योजना की 11वीं किस्त के रूप में 10.10 लाख महिलाओं के लिए 212.16 करोड़ रुपये जारी किए थे।








