शनिवार, 08 अगस्त 2026 | 15:53 ISTFollow us at:
योजना

अब केवल 20 हजार रुपये में लग जाएगा 3 किलोवाट का सोलर, जाने क्या है योजना। Solar Scheme 2026

Solar Scheme 2026

3 किलोवाट सोलर पैनल पर 78 हजार सब्सिडी और बैंक लोन की जानकारी

Solar Scheme 2026: गर्मीयों में बढ़ती बिजली खपत और आए दिन होने वाली कटौती से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों पर सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार की तरफ से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए जहानाबाद जिले में 31 जुलाई 2026 को सोलर लोन मेला-2026 का आयोजन किया गया, जहां एक ही मंच पर सोलर वेंडर, बैंक कर्मी और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

पीएम सूर्य घर योजना के तहत 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाने पर करीब 2 लाख रुपये का खर्च आता है। इसमें से सरकार 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर करती है। इस हिसाब से असली लागत घटकर करीब 1.28 लाख रुपये रह जाती है। 1 किलोवाट सिस्टम पर 30 हजार और 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी मिलती है। सरकार का लक्ष्य इस योजना के तहत एक करोड़ घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाना है।

20 हजार रुपये में शुरू हो सकती है सोलर की शुरुआत

सवाल यह है कि जिनके पास 2 लाख रुपये नहीं हैं, वे कैसे सोलर पैनल लगवा सकते हैं? जहानाबाद के सोलर वेंडर दिव्य प्रकाश ने बताया कि इस योजना के तहत बैंक से लोन की सुविधा भी उपलब्ध है। 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने पर करीब 2 लाख रुपये का खर्च आता है, जिसमें से शुरुआत में सिर्फ 10 फीसदी यानी 20 हजार रुपये जमा करने होते हैं। बाकी रकम बैंक से लोन के रूप में ली जा सकती है। यह लोन करीब 6 फीसदी सालाना ब्याज दर पर मिलता है और इसे 10 साल में चुकता किया जा सकता है। कुछ बैंकों में यह ब्याज दर 5.75 फीसदी तक भी है। लोन चुकाने के बाद पूरा सिस्टम उपभोक्ता की संपत्ति बन जाता है।

Solar Scheme 2026

आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होती है जरूरत

सोलर वेंडर दिव्य प्रकाश के अनुसार इस योजना का लाभ लेने के लिए बिजली बिल, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड की जरूरत होती है। आवेदन ऑनलाइन पीएम सूर्य पोर्टल पर किया जा सकता है। वेंडर के जरिए आवेदन करने पर भागदौड़ से बचा जा सकता है, क्योंकि वेंडर ही पूरी प्रक्रिया को अंजाम देता है। जहानाबाद के सोलर मेले में बैंक अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को आसान प्रक्रिया से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्युत विभाग के कर्मियों ने उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

बिजली बिल होगा जीरो, अतिरिक्त बिजली बेचकर भी कमा सकते हैं पैसे

इस योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने वाले परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी के मुताबिक अब तक 19 लाख घरों को जीरो बिजली बिल मिल रहा है। इसके अलावा 12 लाख से ज्यादा घरों ने अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर 421 करोड़ रुपये कमाए हैं। सोलर पैनल लगने के बाद उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली खुद पैदा कर सकता है और बची हुई बिजली को ग्रिड में डालकर उसका पैसा भी ले सकता है।

50 लाख घरों तक पहुंची योजना, 2027 में होगी बंद

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने 6 अगस्त 2026 को बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत अब तक 50 लाख से ज्यादा परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। जुलाई 2026 में अकेले 5.06 लाख घरों में सोलर पैनल लगाए गए। अब रोजाना 16 हजार से ज्यादा सोलर पैनल इंस्टॉल हो रहे हैं। अब तक 68 लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। सरकार ने 22,446 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है। गौरतलब है कि यह योजना 31 मार्च 2027 को बंद हो रही है।

सोलर वेंडर देवांशु दीपक ने बताया कि सरकारी सब्सिडी और बैंक ऋण की सुविधा से अब मध्यम और सामान्य परिवार भी आसानी से सोलर प्लांट लगवा सकते हैं। योजना से न सिर्फ बिजली बिल में बचत होगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा इस योजना से सोलर वैल्यू चेन में 17 लाख से ज्यादा नौकरियां बनने का अनुमान है।

लेखक

Kuldeep Singh

कुलदीप सिंह LocalHaryana.com पर लेखक के रुप में कार्यरत हैं। वे वर्ष 2021 से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

और पढ़ें

सभी देखें