हरियाणा में एसडीएम से मिलेगा जमीन का मालिकाना हक, डीसी कार्यालय के चक्कर से मिलेगी निजात

हरियाणा में दोहलीदार, बुटीमार और मुकररीदार को अब एसडीएम से मिलेगा जमीन का मालिकाना हक। डीसी कार्यालय के चक्कर खत्म, 20 साल से काबिज परिवारों को फायदा।

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर 2026: हरियाणा में दोहलीदार, बुटीमार, भोंडेदार और मुकररीदार परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब इन वर्गों को दान में मिली जमीन पर मालिकाना हक दिलाने का अधिकार उपायुक्त (डीसी) से हटाकर उपमंडल अधिकारी नागरिक (एसडीएम) को दे दिया गया है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसका सीधा फायदा यह होगा कि पात्र परिवारों को अब मालिकाना हक के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और लंबित मामले तेजी से निपट सकेंगे।

अभी तक यह अधिकार पूरी तरह से कलेक्टर यानी डीसी के पास था, जिससे उन पर काम का अतिरिक्त बोझ रहता था। इसी वजह से दोहलीदारों को मालिकाना हक के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सरकार ने यह कदम लंबित मामलों को तेजी से निपटाने के मकसद से उठाया है। सभी एसडीएम को राज्य सरकार द्वारा राजस्व कानूनों के तहत प्रथम श्रेणी के सहायक कलेक्टर के रूप में अधिसूचित किया गया है, जिससे वे अब इस अधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

यह भी पढेंः हिसार में 106.28 करोड़ की स्मार्ट सिंचाई परियोजना, 3 गांव के किसानों को मिलेगा शोधित पानी, बिजली बिल में बड़ी राह

हरियाणा में इन 9 कृषि यंत्रों पर मिल रहा अनुदान, 31 अक्टूबर तक मौका

20 साल से काबिज परिवारों को मिलेगा हक

नियम के मुताबिक, जो परिवार 20 साल से इस जमीन पर काबिज हैं, वे अब सीधे एसडीएम के समक्ष मालिकाना हक के लिए आवेदन कर सकते हैं। मालिकाना हक मिलने के बाद ये परिवार जमीन को आगे किसी भी व्यक्ति या संस्था को बेच सकेंगे। इससे पहले मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में नियम बनाया गया था कि दोहलीदार इस जमीन की खरीद-फरोख्त नहीं कर सकते, बल्कि सिर्फ काश्तकारी कर सकते हैं।

11 दिसंबर 2022 को करनाल में हुए भगवान परशुराम महाकुंभ में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दोहलीदारों को करीब 1700 एकड़ जमीन का मालिकाना हक दिलाने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने उस घोषणा को धरातल पर उतारने का काम किया है।

कौन होते हैं दोहलीदार

पुराने समय में गरीब ब्राह्मणों, पुजारियों और पुरोहितों को फसल बोने के लिए जमीन दान में दी जाती थी। यह जमीन पंचायती होती थी, जिस पर उनका मालिकाना हक नहीं होता था, लेकिन वे उस पर फसल बोकर होने वाली आमदनी का इस्तेमाल अपने खर्च पर कर सकते थे। हरियाणा दोहलीदार, बुटीमार, भोंडेदार तथा मुकररीदार (मालिकाना अधिकार निहित करना) अधिनियम, 2010 के तहत इन वर्गों को मालिकाना अधिकार देने का प्रावधान किया गया था ।

हालांकि, 2022 में एक संशोधन के जरिए पंचायत और सरकारी जमीनों को इस दायरे से बाहर कर दिया गया था, जिसे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मार्च 2025 में रद्द कर दिया था । हाईकोर्ट ने कहा था कि यह संशोधन दोहलीदारों के अधिकारों को अनुचित तरीके से छीनता है और संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करता है।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार LocalHaryana.com के संस्थापक और संपादक हैं। वे वर्ष 2020 से डिजिटल पत्रकारिता और ऑनलाइन समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन और संपादन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

वेबसाइट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हमारा नेटवर्क