हिसार। जिले के गांव तलवंडी राणा के लोगों को हिसार-धांसू रोड से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसकी जानकारी देते हुए लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि हिसार-धांसू रोड पर बोतलिंग प्लांट के नजदीक से गांव तलवंडी राणा तक करीब 2.300 किलोमीटर लंबी नई सड़क के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। इस सड़क पर 26 करोड़ 91 लाख 71 हजार रुपये खर्च होंगे।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। गांव तलवंडी राणा के लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। हिसार एयरपोर्ट के विस्तार के कारण पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-65 के रास्ते गांव की सीधी कनेक्टिविटी प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया गया।
यह भी पढेंः हिसार के नलवा में 5 सरकारी स्कूलों पर खर्च होंगे करीब 7.5 करोड़, मुकलान में बनेगा नया स्कूल भवन
इस मुद्दे पर पिछले कुछ महीनों में कई दौर की बैठकें हुई हैं। मई 2026 में मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों और ग्रामीणों ने मानचित्र का विश्लेषण कर संभावित मार्गों पर चर्चा की थी और विभागीय अधिकारियों द्वारा सुझाए गए दूसरे विकल्प पर सहमति बनी थी。 इस प्रस्तावित मार्ग में वन भूमि, जीएलएफ भूमि और निजी भूमि शामिल है। हवाई अड्डे के क्षेत्र में आने वाले 20 मीटर हिस्से को लेकर विमानन विभाग से पत्राचार करने का भी निर्णय लिया गया था।
रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रस्तावित मार्ग हिसार-धांसू रोड और पुराने एनएच-65 के नेटवर्क के बीच वैकल्पिक संपर्क उपलब्ध करवाएगा। इससे गांव के लोगों को हिसार शहर की ओर आने-जाने के लिए बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार काम कर रही है। तलवंडी राणा के लिए प्रस्तावित सड़क गांव के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।










