हमें फ़ॉलो करें

सिरसा रोडवेज में टायरों की कमी से 21 बसें खड़ी, यूनियन ने पर्याप्त टायर उपलब्ध कराने की मांग की

सिरसा , हरियाणा |
सिरसा रोडवेज में टायरों की कमी से 21 बसें खड़ी, यूनियन ने पर्याप्त टायर उपलब्ध कराने की मांग की
सिरसा रोडवेज डिपो परिसर में खड़ी बसें

सिरसा। हरियाणा रोडवेज के सिरसा डिपो और डबवाली सब डिपो में टायरों की कमी के चलते 21 बसें खड़ी हैं। इनमें सिरसा की 16 और डबवाली की पांच बसें शामिल हैं। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के सिरसा डिपो प्रधान एवं प्रदेश प्रवक्ता पृथ्वी सिंह चाहर ने यह जानकारी देते हुए विभाग से पर्याप्त टायर उपलब्ध कराने की मांग की है।

यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की है कि बस की फिटनेस जांच करवाने के बाद ही उसे रूट पर लेकर निकलें। चाहर ने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। बस समय पर रवाना करने के लिए सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।

सिरसा रोडवेज कर्मचारियों से बस की तकनीकी जांच करवाने की अपील

चाहर ने कहा कि कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर बस लेकर रवाना होने से पहले संबंधित फोरमैन, मैकेनिक या एसएसआई से उसकी तकनीकी स्थिति की जांच करवाएं। उन्होंने टायरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी खराबी को नजरअंदाज करके बस सड़क पर नहीं उतारनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बस रवाना होने में देरी होने पर भी कर्मचारी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। ड्यूटी के दौरान कोई समस्या आने पर यूनियन कर्मचारियों के साथ खड़ी है।

हरियाणा में टायरों की कमी से 520 बसें खड़ी: पृथ्वी सिंह चाहर

पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि प्रदेशभर में टायरों की कमी के कारण 520 बसें डिपो में खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बसों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखना और जरूरत के अनुसार टायर उपलब्ध कराना जरूरी है।

यूनियन के सचिव सतपाल सिंह रानियां, कोषाध्यक्ष कृष्णा माचरा, संगठन सचिव कीमत सिंह ढांडा और संगठन सह सचिव बलजीत सिंह ने भी स्थिति पर चिंता जताई। पदाधिकारियों ने विभाग से टायरों की कमी दूर करने की मांग की, ताकि कर्मचारी सुरक्षित तरीके से ड्यूटी निभा सकें।