झज्जर, 23 अक्टूबर। हरियाणा के झज्जर जिले में एक नंदी इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां के किसान मामन सिंह के पांच साल के हरियाणा नस्ल के नंदी गौरव की कीमत बाजार में 11 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक लग चुकी है। लेकिन किसान ने उसे किसी भी कीमत पर बेचने से साफ इनकार कर दिया है ।
छह फुट का कद, पांच बार चैंपियन
गौरव की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऊंचाई है। यह नंदी करीब छह फुट ऊंचा है। सिर्फ कद ही नहीं, गौरव अपनी प्रतिभा के दम पर भी पीछे नहीं है। यह अब तक पांच पशु प्रतियोगिताओं में विजेता का खिताब जीत चुका है । यही वजह है कि देश भर के पशुपालक इसे खरीदने के लिए मुंहमांगी कीमत देने को तैयार हैं।
हरियाणा में इन 9 कृषि यंत्रों पर मिल रहा अनुदान, 31 अक्टूबर तक मौका
एक दिन की डाइट जानकर हैरान रह जाएंगे
गौरव की शानदार बनावट के पीछे उसकी खास परवरिश का बड़ा हाथ है। किसान मामन सिंह उसे सामान्य चारे के अलावा रोजाना घी, बादाम, हलवा और चने जैसी ताकतवर चीजें खिलाते हैं। इस शाही खानपान और देखभाल के चलते गौरव पर रोजाना 1200 से 1500 रुपये तक का खर्च आता है। इसके अलावा गौरव की मां रोजाना करीब 22 लीटर दूध देती थी, जिससे इस नस्ल के बेहतरीन गुण आगे बढ़े।
बेटी सुरभि का भाव भी लगा
गौरव की सफलता का असर अब उसकी अगली पीढ़ी पर भी दिखने लगा है। गौरव की महज दो महीने की बेटी सुरभि भी इलाके में आकर्षण का केंद्र बन गई है। छोटी सी उम्र में ही सुरभि का भाव ढाई लाख रुपये तक लग चुका है । यह इस नस्ल और गौरव की पहचान के प्रति पशुपालकों की दिलचस्पी को दिखाता है।
मामन सिंह और उनका परिवार गौरव और सुरभि को व्यापारिक वस्तु नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा मानता है। यही कारण है कि एक करोड़ रुपये का ऑफर ठुकराकर उन्होंने साबित कर दिया कि उनके लिए पशुओं से जुड़ाव धन-दौलत से कहीं ज्यादा कीमती है।





