हरियाणा में शुरू हुआ GeoStack App, किसानों को अब फोन पर मिलेगी जमीन का नक्शा और मालिकाना समेत सभी जानकारी

हरियाणा में हरसेक का GeoStack ऐप शुरू, 1.70 करोड़ भूमि रिकॉर्ड डिजिटल। मोबाइल पर खसरा नंबर से जमीन खोजें, नक्शा, क्षेत्रफल और मालिकाना देखें।

गुरुग्राम, 30 अक्टूबर 2026। हरियाणा में अब जमीन से जुड़ी जानकारी के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (हरसेक) ने जियोस्टैक ईओडीबी (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) ऐप तैयार किया है, जिसमें प्रदेश के 1.70 करोड़ से अधिक भूमि रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध कराए गए हैं। इस ऐप से किसान मोबाइल पर ही अपनी जमीन का नक्शा, खसरा नंबर और मालिकाना जानकारी देख सकेंगे ।

यह ऐप प्रदेश के सभी 23 जिलों, 143 तहसीलों और 7,103 गांवों के भूमि रिकॉर्ड को एक ही मंच पर जोड़ता है। इसमें सेटेलाइट डेटा, डिजिटल मैप और जीआईएस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे जमीन की भौगोलिक स्थिति और उससे जुड़े रिकॉर्ड एक क्लिक में देखे जा सकते हैं ।

खसरा नंबर से जमीन खोजना होगा आसान

ऐप में खसरा और भूखंड (पार्सल) की जानकारी खोजने की सुविधा दी गई है। इसके जरिए संबंधित जमीन का विवरण और मालिकाना जानकारी देखी जा सकती है। साथ ही इंटरैक्टिव जीआईएस मानचित्र की सुविधा भी है, जिसमें नक्शे पर जमीन की स्थिति और भौगोलिक पहचान की जा सकती है । ऐप में जमीन का क्षेत्रफल और दो स्थानों के बीच की दूरी मापने की सुविधा भी दी गई है। भौगोलिक निर्देशांकों के आधार पर भी जमीन की पहचान की जा सकती है ।

यह भी पढेंः हरियाणा: PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त आज होगी जारी, प्रदेश के 16.23 लाख किसानों को मिले 324 करोड़

किसानों से लेकर उद्यमियों तक को फायदा

इस डिजिटल मंच से किसानों को अपनी जमीन से जुड़ी जानकारी घर बैठे मिल सकेगी। आम नागरिक किसी संपत्ति की भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध रिकॉर्ड देख सकेंगे। वहीं, उद्यमियों को किसी स्थान पर उद्योग या व्यवसाय शुरू करने से पहले जमीन की स्थिति और लोकेशन का आकलन करने में मदद मिलेगी ।

हरसेक का मकसद भूमि संबंधी बिखरे हुए आंकड़ों को एक डिजिटल मंच पर लाकर पारदर्शिता बढ़ाना और सरकारी कामकाज को तथ्य आधारित बनाना है। इससे भूमि प्रबंधन, विकास कार्यों की योजना और विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी मदद मिल सकती है ।

ऐप फिलहाल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध है और इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है ।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार LocalHaryana.com के संस्थापक और संपादक हैं। वे वर्ष 2020 से डिजिटल पत्रकारिता और ऑनलाइन समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन और संपादन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

वेबसाइट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हमारा नेटवर्क