रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए केंद्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 413 रुपये बढ़ाकर 6613 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। पिछले साल यह दर 6200 रुपये थी। यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब हरियाणा में इस बार सरसों की बिजाई पिछले साल से काफी पीछे चल रही है—10 नवंबर तक प्रदेश में सिर्फ 1.2 लाख हेक्टेयर में बिजाई दर्ज हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 2.15 लाख हेक्टेयर में सरसों बोई जा चुकी थी।
बिजाई में देरी, लेकिन MSP ने बढ़ाई उम्मीद
जागरण की 17 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले रबी सीजन में हरियाणा में करीब 2.15 लाख हेक्टेयर में सरसों की बिजाई हुई थी। इस बार शुरुआत धीमी रही है, लेकिन MSP बढ़ने से किसानों को राहत मिली है। 6613 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर अगर किसान 8 से 10 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन हासिल करता है, तो सकल मूल्य 52,904 रुपये से 66,130 रुपये तक बनता है। इसमें से लागत और मंडी तक ढुलाई का खर्च घटाने के बाद शुद्ध मुनाफा निकलेगा। लेकिन देरी से बिजाई होने पर पैदावार पर सीधा असर पड़ सकता है, इसलिए अब जल्दी बिजाई और सही किस्म का चुनाव सबसे जरूरी है।
यह भी पढे़ः हरियाणा कोल्ड चेन नीति मंजूर को मिली मंजूरी, किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, गांवों में बनेंगे नए सेंटर
HAU की किन किस्मों पर दांव लगाएं?
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार ने अलग-अलग हालात के लिए सरसों की उन्नत किस्मों की सिफारिश की है। सिंचित क्षेत्रों के लिए RH-1975, RH-1706, RH-725 और RH-30 उपयोगी हैं, जबकि कम पानी और बारानी क्षेत्रों में RH-1424, RH-725 और RH-761 चुन सकते हैं। इनमें RH-1975 की औसत उपज 11 से 12 क्विंटल प्रति एकड़ और उत्पादन क्षमता 14 से 15 क्विंटल प्रति एकड़ तक है। इस किस्म में तेल की मात्रा लगभग 39.5 प्रतिशत है। HAU ने हाल ही में निजी कंपनी के साथ समझौता कर RH-1975 और RHH-2101 के बीज ज्यादा किसानों तक पहुंचाने की योजना बनाई है। किसान को अपनी मिट्टी, सिंचाई की उपलब्धता और बिजाई के समय के हिसाब से ही किस्म चुननी चाहिए।
बिजाई से पहले ये 4 बातें जरूर जांचें
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक सरसों की अच्छी पैदावार के लिए अक्टूबर का पहला पखवाड़ा सबसे सही समय माना जाता है, लेकिन देरी हो चुकी है तो भी जल्दी बिजाई करें। सिंचित क्षेत्र में एक किलोग्राम और कम सिंचाई वाले क्षेत्र में करीब सवा किलोग्राम बीज प्रति एकड़ पर्याप्त है। कतार से कतार की दूरी 45 सेंटीमीटर रखें। बिजाई से पहले बीजोपचार जरूर करें और मिट्टी की जांच के आधार पर ही खाद-उर्वरक डालें। फूल आने और फलियां बनने के समय नमी की कमी न होने दें।
मंडी में बेचने से पहले पंजीकरण है अनिवार्य
सरसों की सरकारी खरीद MSP पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के हिसाब से होती है। HAFED (हरियाणा फेडरेशन ऑफ कॉपरेटिव सोसाइटीज) राज्य की प्रमुख खरीद एजेंसियों में से एक है, और मंडी में गेट पास जारी होने के समय किसान का रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन “मेरी फसल-मेरा ब्योरा” पोर्टल से ही लिया जाता है। इसलिए किसानों को फसल मंडी में लाने से पहले पोर्टल पर अपनी फसल का सही पंजीकरण करा लेना चाहिए और खरीद संबंधी ताजा दिशा-निर्देशों की जानकारी ले लेनी चाहिए।






