हिसार, 1 नवंबर 2026। हिसार के पास नारनौंद खंड के गांव राजथल की बेटी खुशी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गांव की खिलाड़ी खुशी ने हरिद्वार में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 19वीं नेशनल ग्रेपलिंग रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह बना ली है। अंडर-17, 52 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में खुशी ने हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया ।
इस जीत के साथ ही उसका चयन एशियाई चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो नेपाल में होगी। इसके बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप कजाकिस्तान में खेली जाएगी। गोल्ड जीतकर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का भव्य स्वागत किया और फूलों व नोटों की मालाओं से सम्मानित किया ।
दंगल फिल्म से मिली प्रेरणा
खुशी फिलहाल 10वीं कक्षा में पढ़ती हैं और पिछले 6 साल से दिल्ली में रहकर कुश्ती की तैयारी कर रही हैं। वह कश्मीरी गेट के पास चंद्रा अखाड़े में प्रैक्टिस करती हैं। खुशी ने बताया कि उन्हें बचपन से ही कुश्ती का शौक था। करीब 12 से 13 साल की उम्र में आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ देखने के बाद उनके मन में पहलवान बनने का सपना आया। फिल्म में गीता फोगाट का किरदार उन्हें बहुत पसंद आया था। इसके बाद उन्होंने अपने पिता से कुश्ती खेलने की इच्छा जताई और पिता ने उन्हें हॉस्टल भेज दिया, जहां से उनके कुश्ती के सफर की शुरुआत हुई ।
वायरल वीडियो पर आया सच सामने
खुशी के स्वागत को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सिर्फ उनके माता-पिता नाचते दिख रहे थे। इस पर दावा किया गया कि गांव के लोग स्वागत करने नहीं आए। हालांकि, खुशी और उनके पिता सुनील कुमार ने साफ किया कि गांव के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया था।
सरपंच प्रतिनिधि अनिल गोदारा ने बताया कि 27 अक्टूबर को जब खुशी गांव लौटी, तो ग्रामीणों ने फूलों और नोटों की मालाएं पहनाकर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया था। वायरल वीडियो मंदिर के बाहर का था, जहां सिर्फ परिवार के सदस्य मौजूद थे । ग्रामीणों ने भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है ।










