लोकल हरियाणा, हिसार, 30 अक्टूबर 2026। हिसार के मिलगेट और सेक्टर 1-4 इलाके के लोगों को जल्द ही ई-बस की सुविधा मिलने वाली है। नगर निगम की बैठक में इस रूट का प्रस्ताव पारित हो चुका है और रोडवेज महाप्रबंधक ने ई-बस संचालन की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रस्तावित रूट पर बस स्टैंड से रायपुर तक का किराया 25 रुपये तय किया गया है, जो करीब 13 किलोमीटर की दूरी है।
प्रस्तावित रूट के मुताबिक ई-बस हिसार बस स्टैंड से रवाना होकर जीजेयू, महिला कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और एयरपोर्ट चौक से होते हुए मिलगेट और सेक्टर 1-4 तक पहुंचेगी। इसके बाद बस शिकारपुर और रायपुर तक जाएगी। इस रूट से शहर के वार्ड 6, 7, 8 और 9 के करीब 60 हजार लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
रायपुर रूट पर सेवा शुरू हो चुकी, अग्रोहा रूट बंद
हिसार में फिलहाल 5 एसी ई-बसें हैं। इनमें से रायपुर रूट पर ई-सिटी बस सेवा शुरू की जा चुकी है और पहले दिन करीब 150 यात्रियों ने सफर किया । बस स्टैंड से रायपुर तक किराया 25 रुपये ही है। वहीं अग्रोहा रूट पर ई-बस सेवा बंद कर दी गई है । रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही कैंट और कैमरी रूट पर भी ई-बसें चलाई जाएंगी ।
यह भी पढेंः रेवाड़ी डिपो को दिवाली तक मिलेंगी 5 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें, इन रूट के यात्रियों को मिलेगी राहत
मिलगेट-सेक्टर 1-4 वालों को अभी दूसरे साधनों पर निर्भरता
अभी इन क्षेत्रों के लोगों को बस स्टैंड, कॉलेजों और शहर के दूसरे हिस्सों तक आने-जाने के लिए ऑटो या दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। ई-बस शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोज शहर में आने-जाने वाले यात्रियों को सस्ता और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। रूट प्लान तैयार होने के बाद बसों के फेरे और स्टॉपेज की पूरी जानकारी सामने आएगी।










