हमें फ़ॉलो करें

हरियाणा में पंचायतों और नगर निकायों की जमीन-भवनों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, जाने क्या होगा फायदा

गुरुग्राम , हरियाणा |
हरियाणा में पंचायतों और नगर निकायों की जमीन-भवनों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, जाने क्या होगा फायदा
हरियाणा में पंचायतों और नगर निकायों की जमीन-भवनों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड

गुरुग्राम/चंडीगढ़, 23 नवंबर। हरियाणा की पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब उनकी जमीन, भवनों और अन्य परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स, लाइसेंस फीस, यूजर चार्ज और अन्य गैर-कर स्रोतों से राजस्व बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू हो रहा है। इन वित्तीय और प्रशासनिक सुधारों का रोडमैप तैयार करने के लिए सोमवार (23 नवंबर) से गुरुग्राम यूनिवर्सिटी (सेक्टर-51) में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हो रहा है।

डिजिटल रिकॉर्ड और सुधारों से क्या होगा फायदा?

वर्तमान में प्रदेश की बड़ी संख्या में पंचायतें और नगर निकाय विकास कार्यों के लिए केंद्र व राज्य सरकार के अनुदान पर निर्भर हैं। डिजिटल रजिस्टर तैयार होने और वित्तीय प्रबंधन सुधरने से कई बड़े बदलाव आएंगे:

  • स्थानीय आय में बढ़ोतरी: पंचायतों और निकायों की संपत्तियों का सही रिकॉर्ड होने से उनका उत्पादक इस्तेमाल किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त आय जुटाने के रास्ते खुलेंगे।
  • विकास कार्यों में तेजी: टैक्स और शुल्कों की वसूली मजबूत होने से निकाय और पंचायतें अपने स्तर पर विकास कार्य करवा सकेंगी।
  • पारदर्शिता और बेहतर सेवाएं: नगर निकायों में वित्तीय प्रबंधन, लेखांकन, संपत्ति रिकॉर्ड और नागरिक सेवाओं के लिए स्मार्ट गवर्नेंस टूल लागू होंगे, जबकि पंचायतों में ई-पंचायत, वित्तीय साक्षरता और लेखांकन अनुपालन को मजबूत किया जाएगा।

यह भी पढेंः अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026: हरियाणा के सभी जिलों में 18 से 20 दिसंबर तक होंगे भव्य कार्यक्रम, गांवों में होगा दीपोत्सव

सीएम नायब सैनी, मनोहर लाल और तीन शहरों की मेयर होंगी शामिल

स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (SJHIFM) की ओर से 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के वित्तीय विशेषज्ञ, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और जनप्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी शामिल होंगे।

सम्मेलन के पहले दिन आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, पटना की मेयर सीता साहू और सूरत की मेयर मायाबेन धर्मेंद्रभाई मवानी स्थानीय निकायों के प्रबंधन पर अपने अनुभव साझा करेंगी। वहीं, फ्लेम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और 16वें वित्त आयोग के पूर्व सदस्य मनोज पांडा स्थानीय शासन व वित्तीय स्थिरता पर विशेष संबोधन देंगे।

दूसरे दिन तैयार होगा हरियाणा के सुधारों का रोडमैप

सम्मेलन के दूसरे दिन (24 नवंबर) शहरी निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के लिए अलग-अलग तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रतिनिधियों से प्रश्नावली के माध्यम से सुझाव लिए जाएंगे। समापन सत्र में तकनीकी सत्रों की रिपोर्ट पेश की जाएगी और उसी के आधार पर हरियाणा की पंचायतों व नगर निकायों के लिए सुधार रोडमैप की रूपरेखा रखी जाएगी। सम्मेलन के यूएलबी ट्रैक के समन्वय के लिए गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल और मुख्य अभियंता विजय ढाका को तकनीकी अधिकारी नामित किया गया है।