चंडीगढ़, 22 नवंबर: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत इस बार 18 से 20 दिसंबर 2026 तक हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन दिन तक चलने वाले इन आयोजनों के जरिए प्रदेश के हर जिले में गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान जिला स्तर पर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ गांव-गांव में भी उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा।
20 दिसंबर को निकलेगी शोभायात्रा और 1,800 छात्र करेंगे वैश्विक पाठ
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण अंतिम दिन यानी 20 दिसंबर को देखने को मिलेगा। इस दिन हरियाणा के सभी जिलों में भव्य गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही 1,800 विद्यार्थी एक साथ सामूहिक रूप से गीता का वैश्विक पाठ करेंगे। इस सामूहिक पाठ से न केवल छात्रों में भारतीय संस्कृति और गीता के संस्कार मजबूत होंगे, बल्कि पूरे प्रदेश में एक साथ गीता के श्लोक गूंजेंगे।
यह भी पढेंः गीता महोत्सव-2026: कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक चलेगा भव्य आयोजन, जाने इस बार क्या होगा खास
प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में जगमगाएंगे दीप
जिला मुख्यालयों के अलावा ग्रामीण इलाकों को भी इस महोत्सव से सीधे जोड़ा गया है। इसके तहत प्रदेशभर की ग्राम पंचायतें अपने-अपने गांव के तीर्थ स्थलों पर शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन करेंगी। जिला स्तर के मुख्य कार्यक्रमों और गांवों के तीर्थ स्थलों पर होने वाले दीपोत्सव के लिए अब स्थानीय प्रशासन और पंचायत स्तर पर तैयारियां शुरू की जा रही हैं।






