गुरुग्राम/चंडीगढ़23 नवंबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ी पहल की है। प्रदेश में अब ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों के बीच जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए हर साल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले गांवों के सरपंचों और नगर निकाय के पार्षदों को राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार (23 नवंबर) को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में इस बात की घोषणा की। वह स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (SJHIFM) की ओर से आयोजित पंचायतों और नगर निकायों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन संबोधित कर रहे थे।
हर साल होगी प्रतियोगिता, अधिकारियों को रूपरेखा बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वार्षिक प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार कर तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि इस पहल से पूरे प्रदेश में यह संदेश जाएगा कि जनप्रतिनिधि केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि परिवर्तन के वाहक हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि जनता बड़े भरोसे के साथ अपने प्रतिनिधि को चुनती है और उम्मीद करती है कि वह गांव या वार्ड की समस्याओं को दूर कर एक आदर्श व्यवस्था बनाएगा, लेकिन जनता की कसौटी पर कम ही लोग खरे उतर पाते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
यह भी पढेंः हरियाणा में जलभराव की जमीन बनेगी कमाई का जरिया: हर जिले में डाले जाएंगे 2-2 लाख मछली बीज
‘गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, विकास का केंद्र हैं’
सम्मेलन के विषय ‘हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण : स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकार की ओर’*पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को यह मानकर काम करना चाहिए कि गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र हैं।
उन्होंने ग्राम सभा की प्राथमिकताओं को पंचायतों की विकास कार्ययोजना का आधार बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को प्रदेश में हरियाणा विजन 2047 के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्थानीय निकायों को ‘स्थानीय सरकार’ बनाने के तीन स्तंभ
सीएम नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि पंचायतों और नगर निकायों को वास्तविक अर्थों में स्थानीय सरकार बनाने के लिए तीन चीजें आवश्यक हैं—अधिकार, काम करने की क्षमता और अपनी आय का वित्तीय आधार। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी बजट पर निर्भर रहने से आत्मनिर्भरता का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।
इस दौरान उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और हरियाणा को लाल डोरा मुक्त करने जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। साथ ही, पेयजल की शुद्धता पर जोर देते हुए कहा कि दूषित पानी वाले ट्यूबवेलों का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।






