हमें फ़ॉलो करें

रोहतक में महम ब्लॉक समिति चेयरमैन पर एफआईआर, भ्रष्टाचार की विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए वाइस चेयरपर्सन के फर्जी हस्ताक्षर का आरोप

रोहतक , हरियाणा |
रोहतक में महम ब्लॉक समिति चेयरमैन पर एफआईआर, भ्रष्टाचार की विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए वाइस चेयरपर्सन के फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
Rohtak Meham Block Samiti Chairman FIR

रोहतक: महम पंचायत समिति के चेयरमैन नवनीत राठी के खिलाफ रोहतक के आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई समिति की वाइस चेयरपर्सन निशू रानी की शिकायत पर हुई है। आरोप है कि भ्रष्टाचार की एक शिकायत पर चल रही विजिलेंस जांच को बंद करवाने के लिए वाइस चेयरपर्सन के फर्जी हस्ताक्षर वाला शपथ पत्र (एफिडेविट) पेश किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चेयरमैन से पूछताछ की जाएगी।

जांच बंद होने की जानकारी मिली तो खुला मामला

वाइस चेयरपर्सन निशू रानी ने पंचायत समिति महम के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर चेयरमैन पर वित्तीय शक्तियों के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री व डीजीवी एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), पंचकूला को शिकायत दी थी। इस मामले की जांच पंचायती राज की विजिलेंस विंग को सौंपी गई, जहां निशू रानी ने 3 नवंबर 2025 को अपने बयान दर्ज करवाए थे।

शिकायत के अनुसार, बाद में जब निशू रानी ने जांच की स्थिति पता की, तो पहले महम पंचायत समिति का रिकॉर्ड न मिलने की बात कही गई। दोबारा संपर्क करने पर विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि एक शपथ पत्र मिलने के बाद जांच बंद कर दी गई है।

यह भी पढेंः रोहतक से चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू, 670 रुपये किराया, जानें टाइमिंग और रूट।

चंडीगढ़ से कॉपी निकाली, नोटरी की स्टांप पर भी उठाए सवाल

जांच बंद होने की बात सुनकर निशू रानी ने उस शपथ पत्र की कॉपी मांगी, जो उन्हें चंडीगढ़ से उपलब्ध करवाई गई। निशू रानी का आरोप है कि उस शपथ पत्र पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं, जबकि उन्हें इस दस्तावेज के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शपथ पत्र पर नोटरी की स्टांप लगी है और नोटरी ने बिना जांच-पड़ताल किए ही इसे सत्यापित कर दिया, जबकि वह उस समय मौके पर मौजूद नहीं थीं।

वित्तीय शक्तियां बंद करने की मांग, पहले भी उठे थे आरोप

निशू रानी ने आरोप लगाया कि चेयरमैन नवनीत राठी के वित्तीय अनियमितताओं के कारण पंचायत समिति महम को नुकसान हुआ है। उन्होंने चेयरमैन की वित्तीय शक्तियां तुरंत बंद करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गौरतलब है कि अगस्त 2025 में भी कुछ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनीत राठी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद अक्टूबर 2025 में उन्होंने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा जॉइन की थी।

आर्य नगर थाना पुलिस का कहना है कि वाइस चेयरपर्सन की शिकायत के आधार पर चेयरमैन नवनीत राठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फर्जी हस्ताक्षर और शपथ पत्र से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चेयरमैन को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।