भिवानी, 30 अक्टूबर 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को भिवानी जिले के गांव भाखड़ा में 33 केवी पावर सब स्टेशन का उद्घाटन किया। यह सब स्टेशन करीब 7.23 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है । इस मौके पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह और विधायक घनश्याम सर्राफ भी मौजूद रहे।
आसपास के कई गांवों को होगा सीधा फायदा
भाखड़ा में बने इस नए सब स्टेशन से गांव भाखड़ा के अलावा आसलवास दुबिया, आसलवास मरेटा, लहलहाना और लोहानी गांव की बिजली आपूर्ति पहले से बेहतर होगी । नए सब स्टेशन से ओवरलोड चल रहे फीडरों को राहत मिलेगी, जिससे बिजली के लंबे कटों की समस्या कम होगी और लाइन लॉस भी घटेगा।
एक ही दिन में तीन सब स्टेशनों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने इसी दिन भिवानी जिले में दो और 33 केवी सब स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इनमें कैरू का सब स्टेशन शामिल है, जो 4.30 करोड़ रुपये की लागत से बना है, और ईशरवाल-द्वितीय का सब स्टेशन है, जिसकी लागत करीब 4.28 करोड़ रुपये रही । इस तरह एक ही कार्यक्रम में भिवानी जिले को तीन नए पावर सब स्टेशन मिले, जिससे ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था मजबूत होगी।
किसानों को सिंचाई में मिलेगी राहत
इन सब स्टेशनों का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिलेगा। बेहतर बिजली आपूर्ति से ट्यूबवेल और सिंचाई के पंप समय पर चल सकेंगे। पहले ओवरलोड फीडरों के कारण अक्सर बिजली कटौती होती थी, जिससे सिंचाई प्रभावित होती थी। अब नए सब स्टेशनों से यह समस्या काफी हद तक हल होने की उम्मीद है।











टिप्पणियाँ