हरियाणा में अब सदस्यों की संख्या के हिसाब से मिलेगा सरसों का तेल, जाने प्रति व्यक्ति कितना मिलेगा तेल

हरियाणा सरकार ने BPL और AAY परिवारों के लिए सरसों तेल का नियम बदला। अब 2 सदस्यों को 500ml (15 रु), 3-6 सदस्यों को 1 लीटर (30 रु), 6 से ज्यादा पर 1.5 लीटर (45 रु) तेल मिलेगा। झज्जर में अक्टूबर का आवंटन जारी।

झज्जर। हरियाणा सरकार ने बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के पात्र परिवारों को मिलने वाले सरसों तेल के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब राशन डिपो से परिवार में दर्ज सदस्यों की संख्या के हिसाब से सरसों का तेल मिलेगा। पहले हर राशन कार्ड पर दो लीटर तेल मिलता था, लेकिन अब परिवार के आकार के अनुसार तेल की मात्रा तय की गई है। अक्टूबर 2026 के लिए झज्जर जिले के 1,27,011 राशन कार्डों का आवंटन जारी कर दिया गया है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अदित्य कौशिक ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत एक से दो सदस्यों वाले परिवार को आधा लीटर, तीन से छह सदस्यों वाले परिवार को एक लीटर और छह से अधिक सदस्यों वाले परिवार को डेढ़ लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा। तेल की कीमत भी मात्रा के हिसाब से तय की गई है। आधा लीटर तेल के लिए 15 रुपये, एक लीटर के लिए 30 रुपये और डेढ़ लीटर के लिए 45 रुपये देने होंगे। इससे पहले पात्र परिवारों को प्रत्येक राशन कार्ड पर दो लीटर तेल 100 रुपये में मिलता था ।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय, हरियाणा की ओर से जारी आवंटन के अनुसार झज्जर जिले के लिए एक लीटर की 99,478 बोतलें और आधा लीटर की 30,732 बोतलें निर्धारित की गई हैं। एक लीटर वाली बोतलों में 99,478 लीटर और आधा लीटर वाली बोतलों में 15,366 लीटर तेल शामिल है। इस प्रकार जिले के लिए कुल 1,14,844 लीटर सरसों का तेल आवंटित किया गया है। यह तेल अक्टूबर माह के लिए पात्र परिवारों को सरकारी राशन डिपो के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाएगा।

प्रदेश स्तर पर इस बदलाव का असर तेल के कुल कोटे पर भी पड़ा है। विभाग के अनुसार हरियाणा में 39,43,192 बीपीएल परिवार पंजीकृत हैं। पहले हर कार्ड पर दो लीटर तेल देने के हिसाब से हर महीने 78,86,384 लीटर तेल की जरूरत होती थी। अब अक्टूबर माह के लिए कुल 36,45,426 लीटर तेल का कोटा जारी किया गया है, जो पहले के मासिक आवंटन से करीब 54 प्रतिशत कम है । विभाग ने 20 से 25 अक्टूबर के बीच राशन डिपुओं पर तेल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन ने सभी बीपीएल परिवारों को समान मात्रा में तेल देने की मांग की है। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने कहा कि सदस्यों की संख्या के आधार पर अलग-अलग मात्रा तय करने से कार्डधारकों और डिपो संचालकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है ।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार LocalHaryana.com के संस्थापक और संपादक हैं। वे वर्ष 2020 से डिजिटल पत्रकारिता और ऑनलाइन समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन और संपादन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

वेबसाइट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हमारा नेटवर्क