फरीदाबाद वालों की जेब पर फिर टोल का बोझ! नोएडा एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे पर मोहना के पास लगेगा टोल प्लाजा

लोकल हरियाणा, फरीदाबाद/बल्लभगढ़: अगर आप फरीदाबाद या बल्लभगढ़ के रहने वाले हैं और रोज़ाना सफर करते हैं, तो आपकी जेब पर एक और टोल का आर्थिक बोझ पड़ने वाला है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रहा है, जिसका उपयोग करने वाले लोगों को मोहना गांव से पहले और एयरपोर्ट के पास टोल देना पड़ेगा। टोल की दरें जल्द ही तय की जाएंगी।

32 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे, 4600 करोड़ की लागत

एनएचएआई द्वारा बनाया जा रहा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे 32 किलोमीटर लंबा है और इसकी कुल लागत लगभग 4600 करोड़ रुपये है। इसमें से 23 किलोमीटर हरियाणा की सीमा में और 9 किलोमीटर उत्तर प्रदेश की सीमा में बनाया जा रहा है। इस रोड पर दो जगहों पर टोल प्लाजा बनाए जाएंगे — एक मोहना गांव से पहले और दूसरा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहले। दोनों टोल प्लाजा का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

इन गांवों के ग्रामीण होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित

मोहना और आसपास के गांवों के लोगों पर इस टोल का सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। मोहना, जल्हाका, छांयसा, हीरापुर, नरहावली, बागरपुर, सोलड़ा, भोलडा, राजपुर, दोस्तपुर, बलई, थंथरी, अमरपुर और कुलैना जैसे गांवों के ग्रामीण बल्लभगढ़ की तरफ आने-जाने के लिए इस एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे, जिसके लिए उन्हें टोल देना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएचएआई को इन गांवों के निवासियों को टोल में कुछ छूट का प्रावधान करना चाहिए।

स्थानीय निवासी नंदलाल का कहना है, “मोहना और आसपास के गांवों के लोग बल्लभगढ़-फरीदाबाद आने-जाने के लिए इस एक्सप्रेसवे का ज्यादा उपयोग करेंगे, इसलिए एनएचएआई को इन गांवों को कुछ छूट देने का प्रावधान करना चाहिए।” वहीं मनोज अत्री का कहना है कि जिले के लोग पहले से ही कई जगहों पर टोल दे रहे हैं, ऐसे में एनएचएआई को टोल की दरें सस्ती रखनी चाहिए ताकि लोगों की जेब पर ज्यादा भार न पड़े।

फरीदाबाद के लोग इन जगहों पर पहले से देते हैं टोल

गौरतलब है कि फरीदाबाद के लोगों को पहले से ही कई स्थानों पर टोल देना पड़ता है — दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर और पलवल-फरीदाबाद के बीच गदपुरी में, केजीपी के लिए मौजपुर प्लाजा पर, फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर मांगर के पास, और बल्लभगढ़-सोहना रोड पर धौज के पास। अब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर मोहना के पास भी टोल देना होगा, जिससे शहर के लोगों को आर्थिक रूप से और बोझ उठाना पड़ेगा।

NHAI अधिकारी ने क्या कहा?

परियोजना निदेशक धीरज सिंह के अनुसार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा मोहना के पास और दूसरा एयरपोर्ट के नजदीक बनाया जाएगा। आसपास के गांवों को टोल पर छूट देने के बारे में फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है। जो भी टोल की दरें होंगी और किस स्तर पर आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी, वह मंत्रालय की शाखा द्वारा नोटिफिकेशन किए जाने के बाद ही बताया जा सकता है।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार LocalHaryana.com के संस्थापक और संपादक हैं। वे वर्ष 2020 से डिजिटल पत्रकारिता और ऑनलाइन समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे मुख्य रूप से हरियाणा समाचार, सरकारी योजनाएं, नौकरियां, शिक्षा, खेतीबाड़ी और मौसम से जुड़े विषयों पर लेखन और संपादन करते हैं। उनका प्रयास पाठकों तक तथ्य आधारित, स्पष्ट और उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में पहुँचाना है। LocalHaryana.com पर प्रकाशित सामग्री उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर तैयार की जाती है।

वेबसाइट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हमारा नेटवर्क