चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। हरियाणा में टूटी सड़कों और गड्ढों की शिकायतों का समाधान 10 दिन के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 अक्टूबर को चंडीगढ़ में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ कहा कि ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर आने वाली शिकायतें लंबित नहीं रहनी चाहिए। सड़क की मरम्मत और निर्माण का काम तय समय में पूरा किया जाए। प्रदेश के लोग अब इस ऐप पर खराब सड़क की फोटो और लोकेशन भेजकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की क्वालिटी पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण में तय मानकों का पालन किया जाए। पंचायत विभाग और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड समेत संबंधित विभाग अपनी सड़कों की मरम्मत और रखरखाव समय पर करवाएं।
म्हारी सड़क ऐप पर खराब सड़क की शिकायत कैसे करें?
अगर आपके गांव, शहर या आसपास की सड़क टूटी हुई है, सड़क पर गड्ढे हैं या जलभराव की समस्या है तो आप घर बैठे मोबाइल से शिकायत कर सकते हैं।
इसके लिए ये स्टेप फॉलो करें:
- सबसे पहले Google Play Store से म्हारी सड़क ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप खोलकर ‘नागरिक (Citizen)’ विकल्प चुनें।
- अपना मोबाइल नंबर डालें और ओटीपी से लॉगिन करें।
- नई शिकायत दर्ज करने के लिए खराब सड़क की लोकेशन चुनें।
- सड़क के गड्ढे या दूसरी समस्या की फोटो अपलोड करें और उसका छोटा सा विवरण लिखें।
- सारी जानकारी भरने के बाद सबमिट कर दें।
शिकायत दर्ज होने के बाद वह संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी। आप ऐप पर ही अपनी शिकायत का स्टेटस और उस पर हुई कार्रवाई देख सकते हैं।
हरियाणा में सड़क मरम्मत की शिकायतों का 10 दिन के भीतर होगा समाधान!
हरियाणा में सड़कों की मरम्मत से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए 10 दिन की समय-सीमा तय की गई है। मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करें।
कोई भी शिकायत लंबित न रहे और सड़कों की मरम्मत का कार्य तय समय में पूरा हो।
#Haryana #NayabSinghSaini #MhariSadak #GoodGovernance
— DPR Haryana (@DiprHaryana) October 11, 2026
सड़क की शिकायत पर कितने दिन में होगी कार्रवाई?
हरियाणा सरकार की 28 सितंबर की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, म्हारी सड़क ऐप पर आने वाली शिकायत को संबंधित विभाग और अधिकारी 48 घंटे के भीतर अपने जिम्मे लेते हैं। इसके बाद अगले 10 दिनों में समस्या का समाधान करने की व्यवस्था बताई गई है।
अब मुख्यमंत्री ने 10 अक्टूबर की बैठक में शिकायतों का निपटारा 10 दिन के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दोहराए हैं। हालांकि यह अधिकारियों के लिए तय समय-सीमा है, हर शिकायत में सड़क ठीक होने की गारंटी नहीं।
ऐप पर शिकायत की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ट्रैक होती है। संबंधित अधिकारी मरम्मत का काम पूरा होने के बाद उसकी फोटो अपलोड करते हैं और जांच के बाद शिकायत बंद की जाती है। इसलिए शिकायत दर्ज करने के बाद उसका स्टेटस भी देखते रहें।










