खाटूश्याम जा रहे यात्रियों की खुशियां मातम में बदलीं, 8 की दर्दनाक मौत
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैवलर पुलिया से गिरा, 8 लोगों की मौत। मृतक सभी MP के बैतूल के रहने वाले थे, खाटूश्याम जा रहे थे। 17 घायल।

राजस्थान के कोटा में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक ट्रैंपो ट्रैवलर (मिनी बस) पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मारे गए सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। ये लोग भोपाल से खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास ट्रैवलर पुलिया से लगभग 15 फीट नीचे गिर गया।
थाना प्रभारी नंद सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि अंधेरे के कारण बचाव कार्य में थोड़ी देरी हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, कई शव सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया।



