सिरसा, 2 नवंबर 2026। हरियाणा सरकार ने सिरसा जिले की पंचायती राज संस्थाओं को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए कुल 37.62 करोड़ रुपये का विकास फंड जारी किया है। इसमें से जिले की सभी 339 ग्राम पंचायतों को सीधे 29 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि गांवों में सड़क, गली, नाली, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसे विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।
भाजपा जिला सचिव और जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य सुमन सैनी ने इस बजट पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ग्रामीण अंचल के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह बजट गांवों की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होगा।
सिरसा ब्लॉक में माधोसिंघाना को सबसे अधिक फंड
ग्राम पंचायतों को मिली 29 करोड़ रुपये की राशि में से सिरसा ब्लॉक की पंचायतों के हिस्से 4.84 करोड़ रुपये आए हैं। इस ब्लॉक में गांव माधोसिंघाना को सबसे अधिक 25.44 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा जिले की सातों पंचायत समितियों के लिए 5.16 करोड़ रुपये और जिला परिषद के लिए 3.44 करोड़ रुपये का अलग से प्रावधान किया गया है।
सुमन सैनी ने कहा कि आवंटित बजट से ग्राम पंचायतें सीधे तौर पर आम जनता की सुविधा के लिए काम कर सकेंगी। इस राशि से गांवों में सड़क निर्माण, गली निर्माण, पक्की नालियां, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे काम करवाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज के तीनों स्तरों पर मिला यह बजट दर्शाता है कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गांव और हर ढाणी तक विकास का लाभ पहुंचा रही है।










