सिरसा, 2 नवंबर 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सरकार के निर्देशानुसार 5 नवंबर, वीरवार को तहसील कार्यालय रानियां में समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिविर में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के निवारण के लिए 5 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तहसील कार्यालय रानियां पहुंचें।
पेंशनभोगी अब स्मार्टफोन से जमा करा सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र
इसी दिन जिला खजाना अधिकारी नरेंद्र ढुल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान-5 चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग करके डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवा सकते हैं।
जिला खजाना अधिकारी ने बताया कि इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले के सभी सहायक खजाना अधिकारियों और पेंशन संबंधी कार्य करने वाले कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पेंशनभोगियों को इस सुविधा के प्रति जागरूक करें और डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार करने तथा जमा करवाने में उनकी मदद करें।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और परेशानी रहित बनाना है। जिला खजाना कार्यालय ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे अभियान-5 के तहत स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाएं।
केंद्र सरकार का अभियान 30 नवंबर तक चलेगा
केंद्र सरकार के पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह पांचवां राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 1 से 30 नवंबर 2026 तक देशभर के करीब 2,000 शहरों और जिलों में आयोजित किया जा रहा है । इस अभियान का मुख्य जोर फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक पर है, जिससे पेंशनभोगी घर बैठे अपने स्मार्टफोन (Android और iOS दोनों) से चेहरा स्कैन करके जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं । सरकार ने इस अभियान में 2.30 करोड़ डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जारी करने का लक्ष्य रखा है ।










