हिसार, 2 नवंबर 2026। हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की चक्का जाम हड़ताल सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। यूनियन और रोडवेज प्रबंधन के बीच रविवार को हुई वार्ता बेनतीजा रहने के कारण बसों का संचालन पूरी तरह ठप पड़ा है। हिसार और हांसी डिपो की करीब 250 बसों के पहिये थमे हुए हैं, जिसका सीधा असर रोजाना सफर करने वाले 30 हजार से अधिक यात्रियों पर पड़ रहा है।
हड़ताल के कारण सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण रूटों पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है। हांसी, उकलाना, आदमपुर जैसे लोकल रूटों पर रोडवेज बसें न चलने से लोग घंटों बस स्टैंड पर इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं, निजी बसों और ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। रविवार को भी हिसार डिपो की कोई बस नहीं चली, केवल दूसरे डिपो की बसों का संचालन हो रहा था, जिससे यात्रियों को खचाखच भरी निजी बसों में सफर करना पड़ा ।
कर्मचारियों की मांगें क्या हैं
कर्मचारी मुख्य रूप से रात्रि भत्ता, एलटीसी, मेडिकल भत्ता और अन्य लंबित वित्तीय भुगतान की मांग कर रहे हैं। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि कर्मचारियों के टीए और अप्रेंटिस वेतन सहित 1.10 करोड़ रुपये के बिल निकाले गए थे, लेकिन ट्रेजरी बंद होने के कारण भुगतान पूरा नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक राशि उनके खातों में नहीं आएगी, हड़ताल जारी रहेगी ।
5-6 नवंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
हरियाणा रोडवेज साझा मोर्चा ने 5 और 6 नवंबर को प्रदेशव्यापी सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। सिरसा डिपो के कर्मचारी भी रविवार से हड़ताल में शामिल हो गए हैं, जिससे जींद और अन्य जिलों की बस सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं । अगर प्रदेशव्यापी हड़ताल होती है तो यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।










