गुरुग्राम, 28 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम वासियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात देते हुए शनिवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में शामिल की गईं ये बसें जिले के 20 विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जीएमसीबीएल के आधुनिक ई-बस डिपो का भी लोकार्पण किया, जो प्रदेश का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है।

रोहतक, हिसार और पानीपत समेत 7 शहरों में चलेंगी 450 नई मिनी बसें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के दौरान पूरे प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत जल्द ही सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 450 नई मिनी बसें शुरू की जाएंगी। इन मिनी बसों के संचालन से शहरों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, ऑटो-रिक्शा पर यात्रियों की निर्भरता कम होगी और सफर अधिक सुगम बनेगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं, जिनकी संख्या इस वर्ष के अंत तक बढ़ाकर 375 कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शहरों में स्वच्छ हवा और आधुनिक परिवहन जरूरी है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का राष्ट्रीय लक्ष्य तय किया गया है।
यह भी पढेंः गुरुग्राम में बनेंगे अर्बन फॉरेस्ट, हरियाणा म्यूजियम और 4 नई सब्जी मंडियां
25 बसों से शुरू हुआ था सफर, अब 250 बसों का हुआ जीएमसीबीएल का बेड़ा
गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में यह सेवा महज 25 बसों के साथ शुरू हुई थी। अब तक जीएमसीबीएल के बेड़े में 150 सीएनजी बसें संचालित थीं और 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से कुल बेड़ा बढ़कर 250 बसों का हो गया है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख केंद्र है, जहां उद्योग, आईटी और सेवा क्षेत्र से जुड़े लाखों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ऐसे में सेक्टर-48 में नया डिपो और ई-बसों का संचालन यात्रियों को सुरक्षित व भरोसेमंद विकल्प देगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाते हुए निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें।
9 मीटर लंबी बसें घनी आबादी में बनाएंगी सफर सुगम, प्रदूषण पर लगेगा अंकुश
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की सड़कों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखकर उतारी गईं 9 मीटर लंबी ये इलेक्ट्रिक बसें शहर के भीतर आवागमन को आसान बनाएंगी और एनसीआर में वायु प्रदूषण कम करने में मददगार साबित होंगी। उन्होंने नागरिकों से पॉलिथीन का उपयोग बंद करने, कूड़ा-कचरा न जलाने और इंदौर की तर्ज पर स्वच्छता में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, मेयर राजरानी मल्होत्रा, जीएमडीए के सीईओ डी.के. बेहेरा, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, उपायुक्त उत्तम सिंह, अतिरिक्त सीईओ मोहम्मद इमरान रजा व रविंद्र कुमार, जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




