हमें फ़ॉलो करें

गुरुग्राम में बनेंगे अर्बन फॉरेस्ट, हरियाणा म्यूजियम और 4 नई सब्जी मंडियां

गुरुग्राम , हरियाणा |
गुरुग्राम में बनेंगे अर्बन फॉरेस्ट, हरियाणा म्यूजियम और 4 नई सब्जी मंडियां
गुरुग्राम में बनेंगे अर्बन फॉरेस्ट, हरियाणा म्यूजियम और 4 नई सब्जी मंडियां

गुरुग्राम, 28 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के ढांचागत विकास, हरियाली विस्तार और आधुनिक शहरी नियोजन को नई दिशा देने के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उच्चस्तरीय बैठक की। राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ हुई इस बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं और सुधार के सुझावों पर विस्तार से मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुरुग्राम में हरियाली बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने, राज्य की विरासत सहेजने के लिए हरियाणा म्यूजियम बनाने और यातायात को सुगम रखने के उद्देश्य से चार नए स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए।

अर्बन फॉरेस्ट के साथ त्रिवेणी व मियावाकी पद्धति से बढ़ेगी हरियाली

प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संतुलन को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट की तर्ज पर नए स्थान चिह्नित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे इलाकों की पहचान की जाए जहां सघन पौधारोपण कर नए हरित क्षेत्र तैयार किए जा सकें।

इसके साथ ही त्रिवेणी और मियावाकी पद्धति के अनुरूप पौधारोपण को बढ़ावा देने तथा सड़क विकास योजनाओं के साथ ही हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से शहर में एक भव्य म्यूजियम के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने को कहा गया है।

हर सेक्टर में तय होंगे स्ट्रीट वेंडिंग जोन, 4 स्थानों पर बनेंगी सब्जी मंडियां

बैठक में शहर के बाजारों और रेहड़ी-पटरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी अहम निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम के सभी सेक्टरों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर निर्धारित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित जगह और मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी तो उनका रोजगार भी सुरक्षित रहेगा और फुटपाथ, सड़कों व ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की समस्या भी खत्म होगी। इसके अलावा शहर के चार स्थानों पर नई सब्जी मंडियों के लिए जमीन चिह्नित करने को कहा गया है, ताकि बाजारों में भीड़भाड़ नियंत्रित हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

सनाथ रोड की तर्ज पर बनेंगी आधुनिक सड़कें, बार-बार खुदाई पर लगेगी रोक

मुख्यमंत्री ने दोनों फाउंडेशन से प्राप्त सुझावों के आधार पर गुरुग्राम में सनाथ रोड की तर्ज पर अर्बन मोबिलिटी के सिद्धांतों के अनुरूप आधुनिक सड़कें विकसित करने के निर्देश दिए। इन सड़कों की डिजाइनिंग इस प्रकार की जाएगी कि वाहनों की सुगम आवाजाही के साथ-साथ पैदल राहगीरों और साइकिल चालकों को भी सुरक्षित एवं पर्याप्त स्थान मिले। उन्होंने सभी सड़कों पर फुटपाथ की डिजाइन में एकरूपता रखने, निर्बाध पैदल आवागमन सुनिश्चित करने और जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करने पर जोर दिया।

सड़कों की बार-बार खुदाई से होने वाली परेशानी को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि शहर में जहां भी सीसी रोड का निर्माण किया जाए, वहां संबंधित विभाग और नगर निगम निर्माण के समय ही यूटिलिटी पाइप और आवश्यक डक्ट डालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे भविष्य में पेयजल, सीवर या अन्य सेवाओं के लिए नई सड़कों को दोबारा नहीं खोदना पड़ेगा, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी और सरकारी धन की भी बचत होगी।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त निगम आयुक्त यश जालुका व रवींद्र कुमार, राहगिरी फाउंडेशन से सारिका पांडा तथा नगारो फाउंडेशन के सीईओ मानस ह्यूमन मौजूद रहे।