हमें फ़ॉलो करें

गुरुग्राम में 30 एकड़ में बनेगा नया पर्यटन स्थल, इन 8 सेक्टरों को जलभराव से मिलेगी राहत

गुरुग्राम , हरियाणा |
गुरुग्राम में 30 एकड़ में बनेगा नया पर्यटन स्थल, इन 8 सेक्टरों को जलभराव से मिलेगी राहत
गुरुग्राम में 30 एकड़ में बनेगा नया पर्यटन स्थल

गुरुग्राम, 24 नवंबर। मिलेनियम सिटी में मॉनसून के दौरान होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान निकालने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी के बीच मौजूद वजीराबाद तालाबको करीब 30 एकड़ में नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सोमवार (23 नवंबर) को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसीने जीएमडीए (GMDA) और एचएसवीपी (HSVP) के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर इस परियोजना को गति देने के निर्देश दिए।

मौजूदा समय में यह तालाब लगभग 10 एकड़ में फैला हुआ है, जबकि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के रिकॉर्ड के अनुसार इसकी कुल जमीन 25 से 30 एकड़ के बीच है। निरीक्षण के दौरान एचएसवीपी के संपदा अधिकारी राकेश सैनी और जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह मौजूद रहे। डीएस ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आसपास के क्षेत्रों के बरसाती पानी को इस तालाब में एकत्रित किया जाए, जिससे जलभराव की समस्या खत्म हो और क्षेत्र का भूजल स्तर भी ऊपर उठे।

इन 8 सेक्टरों और 3 गांवों को जलभराव से मिलेगी राहत

बीते मॉनसून में गुरुग्राम की सड़कों पर हुए भारी जलभराव को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नाराजगी जताई थी और पानी निकासी के स्थायी समाधान के निर्देश दिए थे। इसी के तहत तैयार जीएमडीए की नई योजना से शहर के प्रमुख इलाकों को बड़ी राहत मिलेगी:

  • ये 8 सेक्टर जुड़ेंगे:सेक्टर-26, सेक्टर-26ए, सेक्टर-27, सेक्टर-28, सेक्टर-42, सेक्टर-43, सेक्टर-53 और सेक्टर-54।
  • ये 3 गांव होंगे लाभान्वित:गांव चकरपुर, सिकंदरपुर और वजीराबाद।

वर्तमान में इस तालाब में केवल सेक्टर-53, 54 और वजीराबाद का पानी आता है। नई योजना के तहत चकरपुर गांव से निकलने वाले बरसाती नाले को भी इस तालाब से जोड़ा जाएगा, ताकि बारिश का पूरा पानी इसमें समा सके।

40 फीट गहरा खोदा जाएगा तालाब, 1 सप्ताह में होगी पैमाइश

जीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ मोहम्मद इमरान रजा ने भी पिछले सप्ताह इस तालाब का निरीक्षण किया था। वर्तमान में यह तालाब करीब 13 फीट गहरा है, जिसे अब 40 फीट गहराखोदने की योजना है।

इसके लिए तालाब से पानी निकालने (डीवॉटरिंग) का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अगले दो से तीन महीनों में पूरा पानी बाहर निकाल दिया जाएगा। इसके बाद तालाब को सुखाकर इसकी डीसिल्टिंग (गाद निकालना) और गहरी खुदाई का काम शुरू होगा। सरकारी जमीन को चिह्नित करने के लिए अगले एक सप्ताह के भीतर पैमाइश पूरी कर ली जाएगी।

गंदा पानी होगा बंद, बोटिंग और जॉगिंग की मिलेगी सुविधा

तालाब के चारों ओर जीएमडीए द्वारा सीएसआर (CSR) के तहत पहले से ही जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है, लेकिन अभी इसमें गंदा पानी जमा रहता है। नई योजना के तहत तालाब में सीवेज और गंदे पानी का बहाव पूरी तरह बंद किया जाएगा। इसे स्वच्छ और आकर्षक झील के रूप में विकसित कर यहां नाव (बोटिंग) चलानेकी व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह गोल्फ कोर्स रोड के पास एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकेगा।

घाटा में भी इसी तर्ज पर विकसित होगी झील

जलभराव से निपटने का मास्टर प्लान केवल वजीराबाद तक सीमित नहीं है। जीएमडीए इसी मॉडल पर घाटा क्षेत्रमें भी एक जल निकाय को विस्तारित और विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा सेक्टर-29 की पार्किंग के नीचे भूमिगत जल भंडारण, सेक्टर-38 में वॉटर स्टोरेज और गुरुग्राम-मानेसर के बीच एचएसआईआईडीसी की 247 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित बड़े पार्क में भी एक जलाशय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।