हमें फ़ॉलो करें

कुरुक्षेत्र बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र, 50 लाख श्रद्धालुओं के लिए नया विशाल रेस्टहाउस, होटल से ऑटो चालकों तक बढ़ेगा रोजगार

हरियाणा |
कुरुक्षेत्र बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र, 50 लाख श्रद्धालुओं के लिए नया विशाल रेस्टहाउस, होटल से ऑटो चालकों तक बढ़ेगा रोजगार
कुरुक्षेत्र बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र

कुरुक्षेत्र, 19 नवंबर। हरियाणा सरकार अब कुरुक्षेत्र को दुनिया के बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार का पूरा ध्यान कुरुक्षेत्र में आस्था के साथ सुविधाएं बढ़ाने पर है।

यहां हर साल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में 40 से 50 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुरुक्षेत्र को एक विशाल रेस्टहाउस का बड़ा तोहफा मिला है। इससे न सिर्फ बाहर से आने वाले यात्रियों के ठहरने की समस्या हल होगी, बल्कि शहर के होटल वालों, दुकानदारों, ऑटो-टैक्सी चालकों और युवाओं के लिए कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।

अयोध्या और काशी की तर्ज पर बदलेगी कुरुक्षेत्र की तस्वीर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश अपनी पुरानी विरासत को सहेज रहा है। सोमनाथ, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या का श्रीराम मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक और मध्य प्रदेश के सागर में बना संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का स्मारक इसी काम के बड़े उदाहरण हैं। इसी सोच के साथ हरियाणा सरकार कुरुक्षेत्र का विकास कर रही है।

सीएम सैनी ने सरकार का काम करने का तरीका साफ शब्दों में बताया— आस्था के साथ सुविधा, पर्यटन के साथ रोजगार और विरासत के साथ विकास।

यह भी पढेंः गीता महोत्सव-2026: कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक चलेगा भव्य आयोजन, जाने इस बार क्या होगा खास

लोकल लोगों और व्यापारियों को कैसे मिलेगा सीधा फायदा?

जब कुरुक्षेत्र में देश-विदेश से ज्यादा यात्री और श्रद्धालु आएंगे, तो इसका सीधा असर शहर की कमाई पर पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन बढ़ने से इन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा:

  • होटल और धर्मशाला संचालक: यात्रियों की संख्या बढ़ने से साल भर बुकिंग बढ़ेगी।
  • दुकानदार और छोटे व्यापारी: बाजारों में रौनक बढ़ेगी और लोकल सामान की बिक्री तेज होगी।
  • टैक्सी और ऑटो चालक: रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और तीर्थ स्थलों के बीच आवाजाही बढ़ने से रोजाना की कमाई सुधरेगी।
  • हस्तशिल्पी और युवा: हाथ से बने सामान की मांग बढ़ेगी और युवाओं को टूरिज्म सेक्टर में नया काम मिलेगा।

सीएम ने कहा कि कुरुक्षेत्र का विकास केवल इमारतें बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यहां रहने वाले हर परिवार की खुशहाली से जुड़ा है।

50 लाख श्रद्धालुओं के लिए क्यों जरूरी था नया रेस्टहाउस?

कार्यक्रम में मौजूद गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की वजह से पूरी दुनिया में कुरुक्षेत्र की पहचान और आकर्षण बढ़ा है। गीता के उपदेश के अलावा इस धरती का बड़ा पौराणिक महत्व है। अब हर साल गीता जयंती के मौके पर 40 से 50 लाख लोग यहां पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़े रेस्टहाउस की सख्त जरूरत थी, जो अब कुरुक्षेत्र के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगा।

इस मौके पर वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी और चेयरमैन सुभाष कलसाना समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।