हमें फ़ॉलो करें

हरियाणा के 87 नगर निकायों में बनेंगी स्मार्ट रोड, आधुनिक होंगे कम्युनिटी सेंटर

हरियाणा |
हरियाणा के 87 नगर निकायों में बनेंगी स्मार्ट रोड, आधुनिक होंगे कम्युनिटी सेंटर
Haryana 87 Nagar Nigam Smart Road

हरियाणा के सभी 87 नगर निकायों में स्मार्ट रोड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 11 नगर निकायों में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 10 नगर निकायों में परियोजना स्वीकृति सहित विभिन्न चरणों में है और 23 नगर निकायों में प्रशासनिक स्वीकृति का चरण चल रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार, 19 नवंबर को चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्मार्ट रोड और कम्युनिटी सेंटरों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर अब केवल सामाजिक आयोजनों की जगह नहीं रहेंगे। इन्हें नागरिकों के मेलजोल और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में आधुनिक और एकरूप डिजाइन में विकसित किया जाएगा।

स्मार्ट रोड में क्या मिलेगा

स्मार्ट रोड परियोजना में सड़क को सिर्फ चौड़ा करना नहीं, बल्कि नागरिकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाना है। इसमें साइकिल ट्रैक, दिव्यांगजनों के लिए टैक्टाइल फ्लोरिंग वाले पैदल पथ, पौधारोपण, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, यातायात संकेतक और सड़क किनारे की जरूरी सुविधाएं शामिल हैं।

साथ ही वर्षा के पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेन, बिजली और केबल के लिए भूमिगत utility duct तथा वर्षा जल संचयन प्रणाली बनाई जाएगी। इससे शहरों में जलभराव की समस्या कम होने और रात में बेहतर रोशनी मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढेंः 18 साल बाद पानीपत एलिवेटेड हाईवे का टोल होगा फ्री, इन दिन बंद होगी टोल वसूली

कम्युनिटी सेंटर का नया डिजाइन

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कम्युनिटी सेंटरों के लिए एकरूप और मानक डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इनके निर्माण में आधुनिक तकनीक, अच्छी सामग्री, सुंदरता, सुगमता और सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा।

कम्युनिटी सेंटरों में उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि ये शादी-समारोह के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों और नागरिक मेलजोल के लिए भी उपयोगी बनें।

कितने नगर निकायों में काम आगे बढ़ा

स्थितिनगर निकाय
निर्माण कार्य प्रगति पर11
परियोजना स्वीकृति सहित विभिन्न चरणों में10
प्रशासनिक स्वीकृति के स्तर पर23
कुल लक्ष्य87

यानी 44 नगर निकायों में काम शुरू हो चुका है या स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। बाकी नगर निकायों में भी परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।