पंचकूला, 29 अक्टूबर 2026: हरियाणा की एक फार्मास्युटिकल कंपनी ने इस दिवाली अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक हो रही है। पंचकूला स्थित MITS Healthcare ने अपने चार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को नई Kia Sonet SUV गिफ्ट की है। कंपनी के फाउंडर और चेयरमैन एम.के. भाटिया ने खुद शोरूम में पहुंचकर कर्मचारियों को कार की चाबियां सौंपीं और दिवाली की बधाई दी ।
जिन चार कर्मचारियों को यह गिफ्ट मिला है, उनके नाम नितिन नेगी, निर्मल, वीनस और गुरवीर हैं। कंपनी ने इनकी मेहनत और लगन को देखते हुए यह इनाम दिया है। नितिन नेगी ने बताया कि वह पिछले पांच साल से कंपनी में सेल्स मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं और उन्हें इस बार इस सम्मान के लिए चुना गया। कारों का रजिस्ट्रेशन संबंधित कर्मचारियों के नाम पर ही कराया गया है ।
डाउन पेमेंट कंपनी ने दिया, EMI कर्मचारी भरेंगे
इस गिफ्ट को लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कार की पूरी पेमेंट कौन करेगा। दरअसल, कंपनी ने कारों की सिर्फ शुरुआती डाउन पेमेंट की है। बाकी जो हर महीने की किस्त है, वह कर्मचारियों की सैलरी से काटी जाएगी। यानी कार का रजिस्ट्रेशन कर्मचारी के नाम पर है और EMI भी उन्हीं की सैलरी से जाएगी। कंपनी ने यह साफ कर दिया है कि वह सिर्फ डाउन पेमेंट ही उठा रही है ।
पिछले साल 51 कर्मचारियों को दी थीं कारें
MITS Healthcare के चेयरमैन एम.के. भाटिया यह पहली बार नहीं कर रहे हैं। कंपनी 2023 से लगातार अपने कर्मचारियों को दिवाली पर कारें गिफ्ट करती आ रही है। साल 2023 में 12 कर्मचारियों को कार दी गई थी, जबकि 2024 में 15 कर्मचारियों को Tata Punch और Maruti Suzuki Grand Vitara जैसी गाड़ियां मिली थीं। पिछले साल यानी 2025 में कंपनी ने रिकॉर्ड 51 कर्मचारियों को कारें गिफ्ट की थीं। इस साल संख्या कम जरूर है, लेकिन कंपनी ने यह परंपरा बरकरार रखी है ।










