पलवल में अक्टूबर में लगेगा मेगा विधिक सेवा शिविर, एक ही जगह मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
लोकल हरियाणा, पलवल, 13 अक्टूबर। हरियाणा के पलवल जिले में अक्टूबर 2026 में मेगा विधिक सेवा-सह-जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों को केंद्र और राज्य सर…

लोकल हरियाणा, पलवल, 13 अक्टूबर। हरियाणा के पलवल जिले में अक्टूबर 2026 में मेगा विधिक सेवा-सह-जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन करने के तरीके की जानकारी एक ही जगह मिलेगी। जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता लेने के बारे में भी बताया जाएगा। शिविर की सटीक तारीख और स्थान की अभी कोई जानकारी नहीं मिली हैं।
इस शिविर में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, बैंकिंग, श्रम कल्याण, रोजगार, खाद्य एवं आपूर्ति, बिजली, आयुष, पशुपालन, बागवानी और मत्स्य पालन समेत कई विभाग हिस्सा लेंगे। साइबर क्राइम सेल, रेडक्रॉस सोसायटी और कॉमन सर्विस सेंटर की भी भागीदारी रहेगी।
सरकारी योजनाओं के फॉर्म और पात्रता की मिलेगी जानकारी
शिविर में आने वाले लोग संबंधित विभागों से सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ले सकेंगे और विभाग द्वारा उन्हे बताया जाएगा कि कौन सी योजना के लिए कौन पात्र है और उसका आवेदन कैसे करना है।
शिविर में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और मुफ्त विधिक सहायता की जानकारी मिलेगी। इसमें एमवीएन यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, पलवल डोनर्स क्लब-ज्योतिपुंज, एमडीडी ऑफ इंडिया और शौर्य फाउंडेशन भी सहयोग करेंगे.
शिविर की तैयारियों को लेकर एडीआर सेंटर में हुई बैठक
अक्टूबर में लगने वाले इस मेगा शिविर की तैयारियों को लेकर पलवल के एडीआर सेंटर में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद सहित अलग-अलग विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, विभागों के बीच तालमेल और लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि शिविर का प्रचार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इस शिविर का फायदा मिल सके।
शिविर की तारीख और जगह की जानकारी के लिए लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पलवल से संपर्क कर सकते हैं। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मुफ्त कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है।








