यमुनानगर, 25 नवंबर। गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, सह प्रभारी रवि जोशी और विधायक अकरम खान धरना स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेतृत्व ने किसानों की मांग को जायज ठहराते हुए इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में जोर-शोर से उठाने का ऐलान किया है।
15 रुपये की बढ़ोतरी को बताया भद्दा मजाक, विधायक दल की बैठक में होगा मंथन
धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में 15 रुपये प्रति क्विंटल की मामूली बढ़ोतरी कर सरकार ने किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। यह सरकार पूरी तरह किसान विरोधी साबित हुई है, क्योंकि न तो किसानों को फसलों के वाजिब दाम मिल रहे हैं और न ही समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो रहे हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है और गन्ने के भाव की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाकर इस विषय पर रणनीति तैयार की जाएगी और मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा।
वहीं, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि बढ़ती कृषि लागत को देखते हुए गन्ने के भाव में ठोस बढ़ोतरी बेहद जरूरी है। फसल के वाजिब दाम के लिए अन्नदाता को सड़कों और मिल यार्ड में धरने पर बैठना पड़ रहा है, जो मौजूदा सरकार के लिए शर्म की बात है।
यह भी पढेंः हरियाणा में गन्ना किसानों का ऐलान—600 रुपये प्रति क्विंटल से कम में नहीं देंगे गन्ना, चीनी मिलों के बाहर धरना
430 रुपये के सरकारी भाव से नाराज किसान, 600 रुपये की मांग पर अड़े
हरियाणा सरकार ने 30 अक्टूबर को वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (SAP) में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करते हुए इसे 415 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया था। इसके साथ ही अगले सत्र (2027-28) के लिए 20 रुपये और बढ़ाकर 450 रुपये करने की घोषणा की गई थी।
हालांकि, किसान संगठनों ने 15 रुपये (यानी मात्र 15 पैसे प्रति किलो) की इस बढ़ोतरी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। किसानों की मुख्य मांग गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की है, जिसे लेकर भाकियू (चढ़ूनी) ने 15 नवंबर को सरस्वती शुगर मिल यार्ड में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।
5 शुगर मिलों तक फैला आंदोलन, 2 दिसंबर को सीएम आवास घेराव का ऐलान
यमुनानगर से शुरू हुआ यह आंदोलन अब कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल सहित प्रदेश की 5 शुगर मिलों तक फैल चुका है। इसमें भाकियू (चढ़ूनी) के अलावा भाकियू (टिकैत), गन्ना किसान संघर्ष समिति और संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े संगठन भी शामिल हो गए हैं।
किसान संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांग के अनुसार गन्ने के भाव नहीं बढ़ाए, तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव किया जाएगा। इसके अलावा भाकियू (टिकैत) ने राज्य के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास के बाहर धरने का ऐलान किया है।
धरना स्थल पर मनाई गई सर छोटूराम की जयंती
मंगलवार को धरना स्थल पर किसानों ने रहबर-ए-आजम दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती भी मनाई। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गूंदियाना ने कहा कि गन्ने के भाव में बढ़ोतरी को लेकर शुरू किए गए इस आंदोलन को लगातार जनसमर्थन और मजबूती मिल रही है। किसान अपनी मांग मनवाने के लिए शुगर मिल के गन्ना यार्ड में दिन-रात डटे हुए हैं। धरने के दौरान जिला सचिव विक्रांत ससोली, गुरवीर सिंह, जगमाल, पप्पल गूंदियाना और मनदीप रोडछप्पर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।






