लोकल हरियाणा, यमुनानगर, 17 नवंबर 2026। हरियाणा के सात शहरों में जल्द ही 450 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जगाधरी में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि केंद्र की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत और रोहतक के लिए कुल 450 बसें स्वीकृत हुई हैं । इनमें से 50 बसें अकेले यमुनानगर को मिलेंगी, जिससे शहर के भीतर आवागमन और लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जगाधरी डिपो में क्या-क्या सुविधाएं
नए डिपो में आधुनिक बस कार्यशाला, एक साथ छह बसों को चार्ज करने की क्षमता वाले छह चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक वाशिंग स्टेशन और सुसज्जित प्रशासनिक भवन बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक बस डिपो नहीं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ और हरित भविष्य का पावर हाउस है। सरकार राज्य में हर 50 किलोमीटर के अंतराल पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है
यह भी पढेंः सिरसा रोडवेज में टायरों की कमी से 21 बसें खड़ी, यूनियन ने पर्याप्त टायर उपलब्ध कराने की मांग की
अभी 155 बसें, साल के अंत तक 375
फिलहाल हरियाणा के 10 शहरों में 155 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 375 करने का है । बजट में सभी जिला मुख्यालयों पर ई-बस सेवा शुरू करने की घोषणा के तहत 10 शहरों में डिपो बनाए जा रहे हैं। पानीपत में 28 मई को पहला डिपो बन चुका है, जगाधरी दूसरा है। इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी डिपो तैयार हो जाएंगे, जबकि सोनीपत और कुरुक्षेत्र अगले साल के दायरे में हैं।
यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा
इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और शोर नहीं होता, जिससे वायु प्रदूषण घटेगा और पेट्रोल-डीजल की बचत होगी। यमुनानगर को मिलने वाली 50 बसों से ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2024 में जगाधरी से पांच इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर इस क्षेत्र में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत की गई थी और अब यह डिपो उसी दिशा में बड़ा कदम है।






