भिवानी, 19 नवंबर। फैमिली आईडी में आय कम करवाने की शिकायत पर भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने क्रीड अधिकारी को शिकायतकर्ता के घर जाकर जांच और आय सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता ढाणा रोड़ निवासी संतोष देवी हैं, जिन्होंने समाधान शिविर में अपनी समस्या डीसी के सामने रखी थी।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निपटारे के लिए गहराई से जांच और ठोस कार्रवाई हो।
फैमिली आईडी की आय सत्यापन की शिकायत
संतोष देवी ने डीसी को बताया कि उनकी फैमिली आईडी में आय कम करवाने में दिक्कत आ रही है। इस पर डीसी ने क्रीड अधिकारी को तुरंत उनके घर भेजकर जांच और आय सत्यापन करने को कहा।
डीसी ने कहा कि शिकायत का निपटारा कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जमीनी हकीकत देखकर ही आय सत्यापन किया जाए, ताकि लाभार्थी को सही समय पर लाभ मिल सके।
बिजली और सफाई की शिकायतें
समाधान शिविर में अनाज मंडी क्षेत्र निवासी मान सिंह ने बिजली तारों को दुरुस्त करवाने की शिकायत की। गांव सुई निवासी सुरेंद्र ने नाले की सफाई करवाने और गांव मिताथल निवासी सर्वेंद्र ने बिजली निगम से जुड़ी शिकायत रखी।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समय पर कार्रवाई हो।
फैमिली आईडी की त्रुटियां दूर करवाने की मांग
गांव झरवाई निवासी सत्यवान, कोंट रोड निवासी सरोज, गांव देवावास निवासी पिंकी, गांव भाखड़ा निवासी सुशीला, शांति नगर निवासी सुमन, गांव बिधनोई निवासी रामफल श्योराण, गांव सुई निवासी रमेश कुमार तथा गांव सिंधानी निवासी सूरजभान और अनुज ने फैमिली आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायत की।
डीसी ने सभी शिकायतों को सुना और अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर मामले की जांच कर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।






