हिसार/चंडीगढ़, 24 नवंबर।हरियाणा के ऊर्जा (बिजली) मंत्री अनिल विज ने ड्यूटी में कोताही और किसान के साथ गलत कार्रवाई के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। मामला हिसार जिले के उकलाना खंड के गांव मदनपुरा से जुड़ा है, जहां किसान का ट्यूबवेल कनेक्शन अवैध बताकर बिना नोटिस उखाड़ने और इससे 15 एकड़ में खड़ी धान की फसल बर्बाद होने की शिकायत मंत्री के पास पहुंची थी।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री अनिल विज ने ऑपरेशन शाखा के चीफ इंजीनियर को पत्र जारी कर तत्कालीन जेई अजमेर सिंहको तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित जेई को अपने तैनाती कार्यालय में नियमित रूप से हाजिरी देनी होगी।
2008 से 2023 के बीच ऐसे उलझा मामला
पीड़ित किसान कृष्ण कुमार ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2008 में अपने खेत में ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन लिया था और बाद में उसे अपग्रेड भी करवाया था। वर्ष 2023 में जमीन का एग्रीमेंट सेल करते समय इसकी सूचना संबंधित लाइनमैन और जेई को भी दी गई थी। इसके बाद ट्यूबवेल कनेक्शन को एग्रीमेंट टू सेल के अनुसार दूसरी जमीन पर दर्ज कर दिया गया। किसान का कहना है कि वह लगातार समय पर बिजली बिलों का भुगतान करता आ रहा था।
30 हजार रुपये जुर्माना भरने के बाद भी उखाड़ा कनेक्शन
शिकायत के अनुसार, मई 2026 में बिजली निगम की ओर से किसान पर 30 हजार रुपये का जुर्मानालगाया गया, जिसका भुगतान भी किसान ने कर दिया। इसके बावजूद अक्टूबर 2026 में तत्कालीन जेई अजमेर सिंह, लाइनमैन, पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ किसान के खेत में पहुंच गए और ट्यूबवेल कनेक्शन को अवैध करार दे दिया।
किसान का आरोप है कि इस कार्रवाई से पहले निगम की ओर से कोई लिखित नोटिस नहीं दिया गया था। जब किसान ने मौके पर नोटिस की मांग की, तो टीम ने नोटिस देने से इनकार कर दिया। आरोप यह भी है कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने किसान को जुबान न खोलने की हिदायत दी और गिरफ्तारी की धमकी देकर डराया गया।
15 एकड़ में खड़ी धान की फसल हुई बर्बाद
बिजली टीम द्वारा खेत से ट्यूबवेल कनेक्शन उखाड़ लिए जाने के कारण सिंचाई रुक गई, जिससे किसान की 15 एकड़ जमीन में खड़ी धान (जीरी) की फसलबर्बाद हो गई। भारी नुकसान के बाद पीड़ित किसान कृष्ण कुमार ने पूरे मामले की शिकायत सीधे ऊर्जा मंत्री अनिल विज को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए तत्कालीन जेई अजमेर सिंह को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।



