रोहतक, 28 नवंबर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि भूमि को मानसून के दौरान होने वाले जलभराव से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने स्थायी जल निकासी का खाका तैयार कर लिया है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि विभिन्न गांवों के खेतों से बरसाती पानी की निकासी के लिए तैयार की गई परियोजनाओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली 58वीं फ्लड बोर्ड की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
शनिवार को उपायुक्त ने सिंचाई विभाग द्वारा तैयार किए गए फ्लड एजेंडा के तहत प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं व सुझावों पर फीडबैक लिया।
बहुअकबर और मदीना कोरसान में बिछेगी पाइपलाइन, बनेगी हौदी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सतबीर सिंह सबसे पहले गांव बहुअकबर पहुंचे और उस कृषि भूमि का जायजा लिया, जहां हर साल बरसात के समय पानी जमा हो जाता है। सिंचाई विभाग की योजना के अनुसार यहां जल निकासी के लिए सबसे निचले स्थान पर एक हौदी का निर्माण किया जाएगा और पीवीसी पाइपलाइन बिछाकर बरसाती पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन में पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद उपायुक्त ने गांव मदीना कोरसान की कृषि भूमि का निरीक्षण किया, जहां लगभग 1200 एकड़ खेती योग्य जमीन से पानी निकालने के लिए आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पाइपलाइन के जरिए भी पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन में डाला जाएगा।

यह भी पढेंः हरियाणा में जलभराव की जमीन बनेगी कमाई का जरिया: हर जिले में डाले जाएंगे 2-2 लाख मछली बीज
गिरावड़ में बनेगी आरसीसी वॉल, खरैंटी व इंदरगढ़ को भी मिलेगा लाभ
उपायुक्त ने गांव गिरावड़ के पास लाखनमाजरा लिंक ड्रेन का निरीक्षण करते हुए बताया कि बरसात में ड्रेन के दोनों किनारों की मिट्टी बहकर तलहटी में जमा होने से इसकी जल निकासी क्षमता घट जाती है और पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भर जाता है। इसके स्थायी समाधान के लिए ड्रेन के किनारों को पक्का करने हेतु आरसीसी वॉल का निर्माण प्रस्तावित है।
इसी क्रम में गांव खरैंटी की लगभग 700 एकड़ कृषि भूमि से बरसाती पानी की निकासी के लिए आरसीसी पाइपलाइन बिछाकर पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जबकि गांव इंदरगढ़ में लिंक ड्रेन पर पुरानी पाइप पुलिया की जगह चौड़ा बॉक्स कलवर्ट बनाया जाएगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं को प्रभावी ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए और ग्रामीणों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस निरीक्षण के दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतपाल दलाल तथा कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




