हमें फ़ॉलो करें

रोहतक चीनी मिल का पेराई सत्र 2026-27 आठ दिसंबर से होगा शुरू, प्रबंध निदेशक प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

रोहतक , हरियाणा |
रोहतक चीनी मिल का पेराई सत्र 2026-27 आठ दिसंबर से होगा शुरू, प्रबंध निदेशक प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
रोहतक चीनी मिल में पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों का निरीक्षण करते शुगरफेड के प्रबंध निदेशक प्रदीप दहिया और एमडी श्वेता सुहाग

रोहतक, 28 नवंबर। जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा चीनी मिल्स प्रसंघ लिमिटेड (शुगरफेड), पंचकूला के प्रबंध निदेशक प्रदीप दहिया ने शनिवार को भाली आनंदपुर स्थित रोहतक सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण कर आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद मिल में नया पेराई सत्र आगामी आठ दिसंबर 2026 से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। मिल प्रबंधन का कहना है कि सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

प्लांट की मरम्मत लगभग पूरी, बॉयलर और शुगर मशीनों का ट्रायल सफल

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि 3,500 टीसीडी दैनिक पेराई क्षमता वाली रोहतक चीनी मिल में प्लांट की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही मिल हाउस, बॉयलर और शुगर मशीनों का ट्रायल भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

प्रबंध निदेशक प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्र के दौरान प्लांट का सुचारू और निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ब्रेकडाउन जैसी स्थिति न बने। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मिल में गन्ना लेकर आने वाले किसानों को तुलाई, यार्ड व्यवस्था या किसी अन्य प्रक्रिया में जरा भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान रोहतक चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग ने बेहतर परिणाम हासिल करने, पारदर्शी प्रबंधन और गन्ना किसानों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए मिल प्रबंधन एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता दोहराई।

यह भी पढेंः रोहतक: मदीना समेत 5 गांवों के किसानों को जलभराव से मिलेगी स्थायी निजात, फ्लड बोर्ड में रखा जाएगा प्रस्ताव

इस साल 430 रुपये क्विंटल मिलेगा गन्ने का भाव, प्रदेश की अन्य मिलों का भी शेड्यूल तय

रोहतक के भाली आनंदपुर के अलावा जिले की दूसरी बड़ी सहकारी मिल महम तथा सोनीपत में तीन दिसंबर से पेराई सत्र की शुरुआत होने जा रही है। प्रदेश की अन्य सहकारी चीनी मिलों की बात करें तो करनाल, शाहाबाद और पलवल में 24 नवंबर से पेराई शुरू हो चुकी है, जबकि पानीपत में 30 नवंबर, कैथल में चार दिसंबर और जींद में नौ दिसंबर से सत्र प्रारंभ होगा।

इस वर्ष हरियाणा में गन्ने का कुल रकबा पिछले सत्र के 1,72,364 एकड़ से बढ़कर 1,77,303 एकड़ हो गया है और प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों में करीब 338.50 लाख क्विंटल गन्ना आवक का अनुमान है। हरियाणा सरकार ने सत्र 2026-27 के लिए अगेती किस्म के गन्ने का भाव 15 रुपये बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जबकि अगले सत्र 2027-28 में इसे बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।