चंडीगढ़, 22 नवंबर: हरियाणा सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में काम कर रहे 9 तहसीलदारों को प्रमोशन का बड़ा तोहफा दिया है। इन सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदोन्नत कर जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) बना दिया गया है। विभाग की वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (एफसीआर एंड एसीएस) डॉ. सुमिता मिश्रा ने 21 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ से इसके आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। प्रमोशन के बाद इन सभी अधिकारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 का वेतनमान मिलेगा।
इन 9 तहसीलदारों को मिली डीआरओ पद पर पदोन्नति
हरियाणा के राज्यपाल की मंजूरी के बाद विभाग ने जिन 9 तहसीलदारों को जिला राजस्व अधिकारी बनाया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
- नवजीत कौर बराड़
- राकेश (पुत्र प्रेम सिंह)
- वीरेंद्र कुमार
- दर्पण कंबोज
- गुरुदेव
- पूनम सोलंकी
- अनिल कुमार (पुत्र रणजीत सिंह)
- राजेश कुमार
- अजय कुमार (पुत्र रणबीर सिंह)
प्रमोशन के साथ लागू रहेंगी ये जरूरी शर्तें
विभाग की ओर से जारी आदेश में साफ किया गया है कि यह प्रमोशन फिलहाल अस्थायी आधार पर है और सभी अधिकारी एक साल के प्रोबेशन पीरियड पर रहेंगे। यह पदोन्नति पेंडिंग एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) और विजिलेंस क्लीयरेंस के अधीन रहेगी। अगर बाद में किसी अधिकारी की एसीआर में कोई प्रतिकूल टिप्पणी मिलती है या विजिलेंस क्लीयरेंस में वे अयोग्य पाए जाते हैं, तो उन्हें बिना किसी पूर्व नोटिस के वापस तहसीलदार के पद पर भेज दिया जाएगा।
इसके अलावा, यह प्रमोशन सुप्रीम कोर्ट में लंबित जरनैल सिंह मामले व अन्य अदालती केसों के अंतिम फैसले, दिव्यांगों के लिए प्रमोशन में 3 और 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के निर्देशों और अनुसूचित जाति की क्रीमी लेयर नीति के अधीन रहेगा। जिन सीनियर तहसीलदारों के खिलाफ विभागीय या कानूनी कार्यवाही चल रही है, उनके अधिकारों पर इस प्रमोशन का कोई असर नहीं पड़ेगा।
पोस्टिंग ऑर्डर बाद में, मुख्यालय में तुरंत देनी होगी जॉइनिंग
आदेश में बताया गया है कि जिला राजस्व अधिकारी के पद की जिम्मेदारियां तहसीलदार के मुकाबले ज्यादा बड़ी होती हैं। इन सभी अधिकारियों की आपसी वरिष्ठता (सीनियरिटी) बाद में तय की जाएगी। फिलहाल इन 9 नए डीआरओ के पोस्टिंग ऑर्डर अलग से जारी किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले सभी को चंडीगढ़ स्थित एफसीआर एंड एसीएस (मुख्यालय) के कार्यालय में तुरंत अपनी जॉइनिंग रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।







