हमें फ़ॉलो करें

भूना के हिसार रोड पर प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से संबंधित रजिस्ट्री आगामी आदेशों रोक, डीसी ने जारी किए आदेश

फतेहाबाद , हरियाणा |
भूना के हिसार रोड पर प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से संबंधित रजिस्ट्री आगामी आदेशों रोक, डीसी ने जारी किए आदेश
फतेहाबाद के डीपीआरसी भवन में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और डीसी डॉ. विवेक भारती

फतेहाबाद, 23 नवंबर। जिले के भूना कस्बे में हिसार रोड स्थित गणेश कॉलोनी में प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से संबंधित रजिस्ट्री पर आगामी आदेशों तक रोक लगा दी गई है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के निर्देश पर उपायुक्त (डीसी) डॉ. विवेक भारती ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं।

जानें क्यों लगाई गई रजिस्ट्री पर रोक

सोमवार (23 नवंबर) को फतेहाबाद के डीपीआरसी भवन में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने की। बैठक के दौरान भूना के हिसार रोड स्थित गणेश कॉलोनी के निवासियों ने प्लॉटों से जुड़ी शिकायत समिति के समक्ष रखी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आगामी आदेशों तक कॉलोनी में प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी रजिस्ट्री बंद करने के आदेश जारी कर दिए।

बैठक में 12 में से 6 शिकायतों का मौके पर निपटारा

डीपीआरसी भवन में आयोजित इस बैठक में कुल 12 शिकायतें रखी गईं, जिनमें 4 पुराने लंबित मामले भी शामिल थे। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं को सुनने के बाद इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। वहीं, शेष 6 मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

नहला सड़क निर्माण पर सख्त निर्देश, अधिकारियों को चेतावनी

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने नहला सड़क निर्माण कार्य को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी अधिकारी विकास कार्यों में बाधा डालने या अनावश्यक देरी करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।