हरियाणा में एनएचएम कर्मचारियों की सैलरी का 7 तारीख तक भुगतान और 8 तक रिपोर्ट के निर्देश
लोकल हरियाणा, चंडीगढ़। हरियाणा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी में देरी पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। एनएचएम ने एचकेआरएनएल, एनएचएम कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन…

- जिलों में हर महीने 25 तक पर्याप्त फंड।
- कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारी भी निर्देशों के दायरे में।
- बिल प्रोसेसिंग और भुगतान रिपोर्ट की जिम्मेदारी तय।
लोकल हरियाणा, चंडीगढ़। हरियाणा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी में देरी पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। एनएचएम ने एचकेआरएनएल, एनएचएम कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन हर महीने सात तारीख तक जारी करने और आठ तारीख तक भुगतान की स्थिति की रिपोर्ट मिशन निदेशक को देने के निर्देश दिए हैं।
कार्यालय आदेश में कहा गया है कि पहले जारी निर्देशों के बावजूद वेतन भुगतान में देरी हो रही है। इसकी मुख्य वजह बिल देर से जमा होना और उनकी प्रोसेसिंग में समय लगना सामने आया है। संबंधित अधिकारियों को पुराने निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
जिलों में 25 तारीख तक उपलब्ध कराना होगा फंड
डायरेक्टर फाइनेंस एंड अकाउंट्स को हर महीने 25 तारीख तक प्रत्येक जिले में पर्याप्त फंड उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा। फंड की स्थिति से मिशन निदेशक को भी अवगत कराना होगा।
वेतन बिल समय पर जमा कराने और उनकी प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी डायरेक्टर एडमिन, डीडीओ और डीडी बिल शाखा को दी गई है। भुगतान की स्थिति की रिपोर्ट डायरेक्टर फाइनेंस एंड अकाउंट्स और स्टेट फाइनेंस मैनेजर भेजेंगे।
तय समयसीमा के बाद देरी को गंभीरता से लिया जाएगा
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद वेतन भुगतान में किसी भी देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों को फाइलों और पीयूसी का निपटारा भी राज्य सरकार के ऑफिस प्रोसीजरल मैनुअल में तय समय के भीतर करना होगा।
ये निर्देश मिशन निदेशक, एनएचएम हरियाणा की मंजूरी के बाद जारी किए गए हैं।








