Haryana News: हरियाणा के अंबाला में ट्रेन में हुई एक घटना ने सभी को हिला कर रख दिया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों पर कुछ बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की, फिर उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद, उन बदमाशों ने एक यात्री को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। घायल यात्री को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में दो यात्रियों को चाकू मारे गए हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पीड़ित संजय कुमार ने बताया कि वह गोरखपुर जा रहे थे। जब ट्रेन अंबाला कैंट पर रुकी थी, तभी तीन लोग ट्रेन में चढ़े। इन्हीं तीनों ने उन पर चाकू से हमला किया। संजय ने बताया कि वह दरवाजे के पास बैठा था और तभी तीन युवक आए और उसे वहाँ से उठने को कहा। जब संजय ने दो मिनट रुकने की बात कही, तो उन बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावर उसकी जेब से मोबाइल और पर्स भी छीन कर ले गए।
अंबाला शहर के निवासी संदीप सिंह ने बताया कि ट्रेन में तीन लोग चढ़े थे, जिन्होंने संजय को पहले थप्पड़ मारे और फिर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद, उन्होंने संजय को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया।
इस घटना की सूचना मिलने पर एएसआई राम सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद ट्रेन को बराड़ा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया गया और घायलों को तुरंत प्राथमिक इलाज के लिए बराड़ा PHC ले जाया गया। वहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों ने बताया कि हमलावर उनके पास से 6 हजार रुपये भी ले गए हैं। पुलिस इस मामले की पूरी जांच कर रही है।