Haryana: फरीदाबाद में शादी के नाम पर लड़की से दुष्कर्म, इंकार करने पर लड़की ने उठाया खौफनाक कदम
Haryana News: फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के आदर्श थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। करीब डेढ़ महीने पहले, एक युवती ने आत्महत्या के इरादे से तेजाब पी लिया था। गुरुवार को अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पीड़िता ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया था।
Main Points
सुसाइड नोट में किए खुलासे
सुसाइड नोट में पीड़िता ने सिर्फ युवक पर ही नहीं, बल्कि उसकी मां और बहन पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। थाना आदर्श नगर पुलिस ने इस सुसाइड नोट के आधार पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने कई बार दुष्कर्म किया था। युवक ने शादी का झांसा देकर उसे धोखा दिया और शादी करने से इंकार कर दिया। इस धोखे और दर्द से आहत होकर लड़की ने तेजाब पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के वक्त लड़की की उम्र 18 साल से कम थी। उसे तुरंत एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था।
पुलिस पर भी लगे आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बयान लेने के लिए आते थे, लेकिन लड़की के अनफिट का बहाना बनाकर वापस चले जाते थे। लड़की ने दो पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अपनी पीड़ा और आरोपियों का नाम लिखा था।
पुलिस की कार्यवाही
थाना आदर्श नगर प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में पॉक्सो एक्ट और मरने के लिए विवश करने के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जब दुष्कर्म की घटना घटी थी, तब लड़की नाबालिग थी, लेकिन अब वह 18 साल से अधिक हो चुकी थी।