लोकल हरियाणा, सिरसा। बेसहारा गोवंश की देखभाल और गोसेवा के कामों के लिए सिरसा की नंदीशाला केलनिया को सम्मानित किया गया। डेरा बाबा भूमन शाह में बाबा ब्रह्मदास महाराज के 49वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नंदीशाला को यह सम्मान दिया गया। नंदीशाला की ओर से लंबे समय से बेसहारा गोवंश को आश्रय देने, उनके पालन-पोषण और देखभाल के लिए काम किए जा रहे हैं।
गोसेवा के कामों की सराहना
बाबा ब्रह्मदास महाराज ने नंदीशाला के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं की सेवा समाज के लिए प्रेरणादायक काम है। उन्होंने गोसेवा को मानवता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए ऐसे प्रयासों में अधिक से अधिक लोगों से सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल हो सके।
नंदीशाला के सेवादारों और सहयोगियों को समर्पित किया सम्मान
नंदीशाला प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान वहां काम करने वाले सेवादारों, सहयोगियों, दानदाताओं और गोसेवकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। प्रबंधन ने डेरा बाबा भूमन शाह का आभार व्यक्त करते हुए आगे भी गोसेवा और जनकल्याण के काम जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में नंदीशाला के प्रधान सुशील कंदोई, उपप्रधान सुधीर ललित, कोषाध्यक्ष विजय बंसल, महेंद्र बणीवाला और वेद भूषण गर्ग मौजूद रहे।










